- कॉसमॉस क्लब के बाहर छह दिन से धरना दे रहे निवासी, मेंटेनेंस शुल्क बढ़ाने का विरोध
फोटो-
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। जेपी विशटाउन में कॉमन एरिया मेंटेनेंस (कैम) के बाद अब साझा क्षेत्र रखरखाव (सैम) शुल्क को लेकर विवाद बढ़ गया है। शुल्क वृद्धि के विरोध में जेपी विशटाउन के खरीदार आज से भूख हड़ताल शुरू करेंगे। निवासी बीते छह दिनों से जेपी कॉसमॉस क्लब के बाहर धरने पर बैठे हैं। उनका कहना है कि जब तक मांगों पर राहत नहीं मिलती, भूख हड़ताल जारी रहेगी।
निवासियों ने बताया कि मंगलवार को वे यमुना प्राधिकरण पहुंचे थे, लेकिन वहां से भी कोई समाधान नहीं मिला। उनका आरोप है कि विशटाउन में कई सुविधाएं अधूरी हैं, इसके बावजूद रखरखाव शुल्क बढ़ाया जा रहा है। इससे खरीदारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। निवासियों के अनुसार, विधायक के कहने पर यमुना प्राधिकरण के एसीईओ ने बिल्डर प्रबंधन को शुल्क वृद्धि पर खरीदारों के साथ मध्यस्थता बैठक कर निर्णय लेने के निर्देश दिए थे। इसके अनुपालन में नोएडा प्राधिकरण के वरिष्ठ प्रबंधक की ओर से भी बैठक कर शुल्क बढ़ाने के संबंध में निर्देश जारी किए गए। प्राधिकरण के पत्र में कहा गया कि बिल्डर खाते से फंड एओए को हस्तांतरित नहीं किया गया है। प्राधिकरण ने इस संबंध में बिल्डर प्रबंधन से दस्तावेज भी मांगे हैं। हालांकि, अब तक कोई समाधान नहीं निकलने से निवासी नाराज हैं।
बिल्डर प्रबंधन की ओर से पहले ही एक नवंबर से डेढ़ रुपये प्रति वर्ग फीट की अतिरिक्त दर से शुल्क वसूलने के निर्देश जारी किए जा चुके हैं। इसी के विरोध में खरीदारों ने भूख हड़ताल शुरू करने का फैसला लिया है।