नोएडा सेक्टर थाना 49 पुलिस द्वारा मुठभेड में घायल बदमाश पंकज।
पुलिस ने मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी दबोचा
नोएडा। सेक्टर-76 के पास रविवार तड़के सेक्टर-49 पुलिस ने मुठभेड़ में 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। पुलिस ने मौके से बाइक और तमंचा बरामद किया है। पूछताछ कर उसका आपराधिक रिकॉर्ड जानने का प्रयास किया जा रहा है। थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस टीम तड़के करीब 4 बजे गश्त कर रही थी। इस दौरान सूचना मिली कि कुछ बदमाश सेक्टर-76 के पास लूट की योजना बना रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर सेक्टर को घेर लिया और बदमाश को दबोचने पहुंची। लेकिन बदमाश ने पुलिस पर ही गोली चला दी। इस पर जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने फायरिंग की तो वह पैर में गोली लगने से घायल हो गया। आरोपी की पहचान जिला गाजियाबाद के लोनी के जावली गांव निवासी पंकज उर्फ मेजर के रूप में हुई। पुलिस का कहना है कि वह हत्या के मामले में 2016 में जेल गया था। दिसंबर 2018 में जेल से छूटकर आया और फिर से अपराध की दुनिया में सक्रिय हो गया। तीन माह पहले उसने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर ग्रेनो के एच्छर क्षेत्र में कार लूट की कोशिश की थी। लेकिन चालक के शोर मचाने पर बदमाश भाग गए थे। इसके बाद उन्होंने दोबारा ऐच्छर क्षेत्र में ही एक व्यक्तिसे कार और 20 हजार रुपये लूट लिए थे। पुलिस ने छापेमारी कर उसके तीन साथियों को पकड़कर उनसे कार बरामद कर ली थी जबकि पंकज फरार हो गया था। इसके बाद से उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया गया। उस पर सात मुकदमे चल रहे हैं।