दुर्गा पंडाल में दिखेगी बदरी धाम की भव्यता
लखनऊ। रवींद्रपल्ली दुर्गा पूजा कमेटी का 42वां आयोजन इस बार भव्य करने की तैयारी है। बंगाली समाज और संस्कृति की पहचान बन चुकी इस दुर्गा पूजा की खास बात यह है कि इस बार पंडाल में अलकनंदा नदी के किनारे स्थित बदरी धाम की भव्यता भी दिखेगी। भगवान विष्णु की प्रतिकृति पंडाल में आकर्षण का केंद्र होगी। 45 फीट ऊंचे और 100 फीट लंबे पंडाल में मां दुर्गा की 14 फीट ऊंची मूर्ति स्थापित की जाएगी। दुर्गा पूजा का आयोजन 27 सितंबर से शुरू होगा।
कमेटी के मीडिया प्रभारी देवांशु चौधरी ने बताया कि रवींद्रपल्ली दुर्गा पूजा पार्क में इस बार भव्य आयोजन किया जाएगा। पंडाल में 15 विविध स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें हस्तशिल्प, सहायक उपकरण, स्वादिष्ट भोजन, क्रॉकरी और झूले होंगे। सेल्फी कॉर्नर भी बनाया जा रहा है। कमेटी की अध्यक्ष सोनाली बनर्जी ने बताया कि देवी दुर्गा की 14 फीट ऊंची मूर्ति पुआल, बांस, लकड़ी और कपड़े से बनाई जाएगी। गुलाबी व चांदी की आकर्षक साड़ी पहनाई जाएगी। इस मूर्ति के साथ भगवान कार्तिकेय, भगवान गणेश, देवी सरस्वती और देवी लक्ष्मी की सात फीट ऊंची मूर्तियां भी होंगी।
कमेटी के महामंत्री सुबोध डे ने बताया कि पंडाल में प्रतिदिन सुबह 9:30 बजे आरती होगा। सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होंगी। इसमें 27 सितंबर को पंचमी के दिन आनंदो मेला का आयोजन होगा। षष्ठी को गौरी आलो डांस ड्रामा, सप्तमी को बंगाली नाटक गोलमाल ए गोंडोगोल, अष्टमी को समूह नृत्य प्रस्तुति शक्ति एवं रामायण और नवमी को मनमोहक ऑर्केस्ट्रा नाइट होगी। ढाक और ढोल की थाप पर धुनुचि नृत्य की प्रस्तुतियां रोज होंगी।