नोएडा। जिले में ब्लैक फंगस भी लोगों को अपनी चपेट में ले रहा है। सोमवार को जिले में ब्लैक फंगस से चौथी मौत हो गई। बरौला गांव निवासी मांगेराम शर्मा (59) की उपचार के दौरान कैलाश अस्पताल में मौत हो गई। सात दिन से इलाज चल रहा था। इससे पूर्व उनका सेक्टर-39 कोविड अस्पताल में उपचार हुआ था। यहां से तबीयत बिगड़ने पर उनको मेरठ मेडिकल कॉलेज और बाद में कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बरौला गांव निवासी विपिन शर्मा ने बताया कि पिता मांगेराम कोरोना से ठीक होने के बाद ब्लैक फंगस की चपेट में आ गए थे। 11 मई को इलाज के लिए कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया था। रविवार दोपहर करीब एक बजे डॉक्टरों ने पिता को मृत घोषित कर दिया। मौत का कारण दिल का दौरा पड़ना बताया गया है। अस्पताल के वरिष्ठ प्रबंधक वीबी जोशी ने बताया कि ब्लैक फंगस होने पर परिजन ने इलाज के लिए भर्ती कराया था। रविवार को इलाज के दौरान व्यक्ति की मौत हो गई। यथार्थ अस्पताल के डॉ. वागीश ने बताया कि अस्पताल में पूर्व में तीन मौतें हो चुकी हैं।
अब सरकारी अस्पताल में ब्लैक फंगस का उपचार
जिले में अब ब्लैक फंगस की रोकथाम के लिए जिम्स समेत 11 अस्पतालों में इलाज की सुविधा शुरू की जाएगी। वर्तमान में सिर्फ कैलाश, यथार्थ, जेपी, फोर्टिस, मैक्स, अपोलो समेत अन्य निजी अस्पतालों में ही ब्लैक फंगस का इलाज की सुविधा मिल रही थी। अब जिले के सरकारी अस्पताल में सुविधा को शुरू करने का प्रयास है। डीएम सुहास एलवाई ने बताया कि यह एक बैक्टीरियल इंफेक्शन है। प्रोटोकाल के तहत कोई भी अस्पताल इसका इलाज कर सकता है।
जिले में 457 नए मामले मिले, सात की मौत
जिले में कोरोना से मौत के मामलों में कमी आई है। पिछले 24 घंटे में सात लोगों ने संक्रमण से मौत हुई है। एक दिन पहले रविवार को 4 लोगों की संक्रमण के कारण मौत हुई थी। वहीं, सोमवार को 457 नए मामले मिले हैं। जबकि, 856 मरीजों को ठीक होने पर डिस्चार्ज किया गया है। नए संक्रमित मरीजों में अधिकतर होम आइसोलेशन में हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, शहर के अलग-अलग कोविड अस्पतालों में सात मरीजों की मौत हुई है। पहले की तुलना में मौत का आंकड़ा कम हुआ है। विभाग लगातार मृत्युदर कम करने की कोशिश कर रहा है। इसके लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों की भी मदद ली जा रही है।
अब जिले में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 59,944 हो गई है। इनमें से 53,544 ठीक हो चुके हैं। 6008 सक्रिय मरीज हैं। इनका अलग-अलग अस्पताल और होम आइसोलेशन में इलाज चल रहा है। वहीं, अब तक संक्रमण की वजह से 392 लोगों की मौत हो चुकी है। सेक्टर-39 स्थित कोविड अस्पताल में भी पहले की तुलना में मरीजों की संख्या कम हुई है। बीते सप्ताह अस्पताल में 268 बिस्तरों पर मरीज भर्ती थे, अब संख्या कम हुई है। अस्पताल की ओर से मरीजों के परिजनों को स्वास्थ्य का अपडेट देने के लिए हेल्प डेस्क भी बनाया है।