सड़कों की सफाई के लिए मैकेनिकल स्वीपिंग का बड़ा होगा बेड़ा
- खरीदी जाएंगी दो नई ट्रक माउंटेड मशीन, अभी आठ रोड स्वीपिंग मशीन प्राधिकरण उपयोग कर रहा, बढ़ते शहर के लिए नाकाफी
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट और ग्रेटर नोएडा में प्रमुख सड़कों की सफाई के लिए प्राधिकरण मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनों का बेड़ा बड़ा करेगा। अभी आठ मशीनों का उपयोग प्राधिकरण कर रहा है। शहर की जरूरत को देखते हुए अब दो नई मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीन की खरीद प्राधिकरण करने जा रहा है। इनका संचालन ओपेक्स मॉडल पर किया जाना है।
प्राधिकरण के वरिष्ठ प्रबंधक राजेश गौतम का कहना है कि वर्तमान में प्राधिकरण के पास खुद की केवल दो मशीनें हैं। अब ग्रेनो वेस्ट और ग्रेनो ईस्ट के लिए एक-एक नई ट्रक माउंटेड मशीन खरीद की जानी है। इस पर करीब चार करोड़ रुपये का खर्च आएगा। ओपेक्स मॉडल में प्राधिकरण की इन मशीनों के रखरखाव और संचालन की जिम्मेदारी निजी एजेंसी की होगी। इसका काम के मुताबिक भुगतान प्राधिकरण करेगा। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग के द्वारा ठेकेदारी में चार, परियोजना विभाग द्वारा ग्रेनो वेस्ट में दो रोड स्वीपिंग मशीन का उपयोग किया जाता है। आठ मशीनों से भी पूरे शहर का कवरेज नहीं हो पाता। दो नई मशीनों से शहर को साफ रखना आसान हो सकेगा। अभी करीब चार और मशीनों की जरूरत नई सड़कों के निर्माण के साथ निकट भविष्य में होगी।
अधिकारियों का कहना है कि सड़कों की सफाई की निगरानी कंट्रोल रूम से होगी। इन सभी मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनों में जीपीएस लगा हुआ हुआ है। इससे रीयल टाइम मशीनों की निगरानी कर यह सुनिश्चित किया जा सकेगा कि सड़कों की सफाई की जा रही है कि नहीं। कंट्रोल रूम से जियो फेंसिंग का उपयोग कर भविष्य में इन गाडि़यों को जोड़ा जाएगा जिससे तय रूट से हटने पर पता चल सके। अभी मैन्युअल रोस्टर पर सड़कों की सफाई का काम होता है।