कोड देखकर गलत प्रश्नपत्र पहुंचने की मिली जानकारी, तुरंत मंगवाए सही कोड के प्रश्नपत्र
परीक्षा देरी से हुई शुरू, परीक्षार्थियों को पेपर पूरा करने के लिए दिया गया तीन घंटे का समय
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। गुरुग्राम विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में पहले, तीसरे व पांचवें सेमेस्टर की परीक्षाएं हो रही हैं। परीक्षाओं के दूसरे दिन भी महाविद्यालयों में परीक्षार्थियों को परेशानी हुई। बुधवार को रि-अपीयर वाले विद्यार्थियों के पांचवें सेमेस्टर की परीक्षा में पहले सेमेस्टर के प्रश्नपत्र पहुंचने के कारण देेरी से परीक्षा शुरू हो सकी। परीक्षा शुरू होने से पहले प्रश्नपत्र के कोड क्रमांक देखकर विवि से सही कोड के प्रश्नपत्र मंगवाए गए। इससे परीक्षा करीब आधे घंटे की देरी से ही शुरू हो पाई।
हालांकि महाविद्यालय की ओर से विद्यार्थियों को पेपर के लिए पूरे तीन घंटे का समय दिया गया, ताकि वे अपना पेपर पूरा कर सकें। गुुरुग्राम विवि की ओर से अबकी बार परीक्षाओं में विद्यार्थियों के बैठने का प्लान तैयार किया गया है। विवि प्रशासन का कहना है कि बैठने का प्लान ऑनलाइन होने के कारण थोड़ी दिक्कत आ रही है। जल्द ही इसका समाधान कराया जाएगा। परीक्षाओं के दौरान विद्यार्थियों व ड्यूटी पर तैनात स्टाफ को दिक्कत आने से महाविद्यालय के प्राचार्य मना कर रहे हैं जबकि मामला यह है कि परीक्षाओं में प्लान के अनुसार परीक्षार्थियों को बिठाने और प्रश्नपत्र देरी से पहुंचे या दूसरे कोड के प्रश्नपत्र आने की वजह से परीक्षा विलंब से शुरू हो रही है। पेपर 15 से 20 मिनट देरी से शुरू होने के कारण परीक्षार्थियों को पूरे तीन घंटे का समय पेपर करने के लिए दिया जा रहा है।
परीक्षा में यह रही समस्या
बुधवार को सुबह के सत्र में 9.30 बजे से 12.30 बजे तक पांचवें व तीसरे सेमेस्टर की परीक्षा थी। बीएससी भौतिक विज्ञान व जीव विज्ञान विषय में पांचवें सेमेस्टर के 503311ए और 503312ए की जगह गुरुग्राम विश्वविद्यालय की ओर से सेक्टर-9 में 103311 और 103312 कोड के प्रश्नपत्रों के पैकेट सेक्टर-9 स्थित राजकीय पीजी महाविद्यालय में पहुंचे। यह प्रश्नपत्र रि-अपीयर वाले विद्यार्थियों के थे। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रणधीर सिंह ने बताया कि प्रश्नपत्रों के कोड से गलत प्रश्नपत्र आने की जानकारी मिलने के बाद इन प्रश्नपत्रों को तुरंत बदलवाया गया। इस कारण परीक्षा शुरू होने में थोड़ी देरी हुई। विद्यार्थियों को पेपर पूरा कराने के लिए पूरे तीन घंटे का ही समय दिया गया।
गुरुग्राम विवि ने अबकी बार परीक्षार्थियों के बैठने के लिए ऑनलाइन प्लान तैयार किया है, ऐसे में बीते मंगलवार को पहले दिन थोड़ी दिक्कत हुई। प्रश्नपत्र गलत पहुंचने की उनको जानकारी नहीं है। इस बारे में महाविद्यालय व संबंधित स्टाफ से बात की जाएगी और इस बात का ध्यान रखा जाएगा कि परीक्षा के दौरान प्रश्नपत्रों व बैठने संबंधित कोई समस्या न हो।
- डॉ. नवीन गोयल, परीक्षा नियंत्रक, गुरुग्राम विश्वविद्यालय