- दर्शकों को मिलेंगे नकद पुरस्कार, क्रिकेट बजर से उभरती प्रतिभाओं को मिलेगा मंच
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में चल रही बिग क्रिकेट लीग (बीसीएल) सीजन-2 अब अपने अंतिम और निर्णायक चरण में पहुंच गया है। लीग प्रबंधन ने रविवार को कई नई पहलों की घोषणा की। इनमें राष्ट्रीय नेताओं की विशेष उपस्थिति, फिल्मी सितारों की सहभागिता, दर्शकों के लिए आकर्षक पुरस्कार और क्रिकेट बजर रिवॉर्ड्स जैसी पहलें शामिल हैं।
लीग के संस्थापक व अध्यक्ष आरपी सिंह ने बताया, आगामी मुकाबलों के दौरान कई प्रमुख राष्ट्रीय नेता और जनप्रतिनिधि भी मैचों का हिस्सा बनेंगे। इनमें केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, केंद्रीय राज्य मंत्री टोखन साहू, केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास आठवले, भाजपा नेता सतीश पूनिया और भाजपा नेत्री बबीता चौहान शामिल हैं। वहीं, खेल के साथ मनोरंजन का तड़का लगाने के लिए पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री के कई चर्चित कलाकार सुपरहिट फिल्म फ्रेंचाइजी ‘कैरी ऑन जट्टा-3’ के अभिनेता गिप्पी ग्रेवाल, बिन्नू ढिल्लों और अभिनेत्री सरगुन मेहता मैचों के दौरान विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। इससे दर्शकों को क्रिकेट के साथ मनोरंजन का भी भरपूर अवसर मिलेगा। दर्शकों के लिए दैनिक लकी ड्रॉ, ऑडियंस कैच प्रतियोगिता, हस्ताक्षरित मर्चेंडाइज, क्रिकेट दिग्गजों से मुलाकात और वीआईपी अनुभव अपग्रेड जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन पांच भाग्यशाली दर्शकों को 25-25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार भी दिया जाएगा। वहीं स्टैंड में शानदार कैच पकड़ने वाले दर्शकों को विशेष पुरस्कार दिए जाएंगे।