ग्रेटर नोएडा (संवाद)। सेक्टर-36 स्थित महर्षि पाणिनि वेद-वेदांग विद्यापीठ गुरुकुल में गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर वैदिक विधि-विधान से नन्हे बालकों का यज्ञोपवीत संस्कार कराया गया। इसके बाद महर्षि वेदव्यास पूजन, गुरु पूजन और आशीर्वचन का आयोजन हुआ। शिष्यों ने गुरु का आशीर्वाद लेकर विद्या और संस्कार की कामना की। गुरुकुल के संस्थापक आचार्य रविकांत दीक्षित ने कहा कि गुरु शिष्य को अज्ञान से ज्ञान के प्रकाश की ओर ले जाता है। उन्होंने कहा कि आधुनिक समय में वैदिक संस्कृति और गुरुकुल शिक्षा पद्धति को अपनाना आवश्यक है। कार्यक्रम में सत्येंद्र कुमार द्विवेदी, कुलदीप शर्मा, वीरेंद्र शर्मा, गौरव शर्मा, बृजेश सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।