Iआबकारी आयुक्त अनुराधा पाल मंगलवार को कुआंवाला स्थित शराब गोदामों पर अचानक पहुंचीं और गहन निरीक्षण किया। इस दौरान अंग्रेजी शराब के सैंपल लेकर उनकी शुद्धता भी जांची गई। आयुक्त ने बताया कि निरीक्षण में किसी भी प्रकार की विसंगति नहीं पाई गई। यह रूटीन जांच होती है, जो समय-समय पर की जाती है। इसका मुख्य उद्देश्य राज्य सरकार की ओर से निर्धारित भंडारण मानक, स्टॉक प्रबंधन, शुद्धता, सुरक्षा प्रावधान और परिवहन प्रणाली की जांच करना था, ताकि आबकारी राजस्व की वृद्धि और उपभोक्ताओं के हित सुनिश्चित रहें। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने गोदामों में उपलब्ध स्टॉक का सत्यापन भी करवाया। विदेशी मदिरा के स्टॉक को रजिस्टर से मिलाया गया और अभिलेखों की गहन जांच भी की। निरीक्षण कार्य में सहायक आबकारी आयुक्त केपी सिंह और अन्य अधिकारी शामिल रहे। गोदामों से जुड़े ट्रकों और वाहनों का भी निरीक्षण किया गया। यह सुनिश्चित किया गया कि सभी वाहनों में जीपीएस यंत्र स्थापित और सुचारु रूप से कार्य कर रहे हैं, जिससे परिवहन के दौरान स्टॉक की निरंतर निगरानी संभव हो सके। सुरक्षा के लिहाज से गोदामों में अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता और कार्यशीलता की समीक्षा की गई। इसके अलावा प्रवेश एवं निकास प्वाइंट, सीसीटीवी कैमरे और ताले-चाबी की व्यवस्था को भी परखा गया। आयुक्त ने बताया कि निरीक्षण के समय सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित और नियमानुसार पाई गईं।I