Iनेहरू कॉलोनी में कार के शीशे तोड़कर चार लाख रुपये के सोने-चांदी के सिक्के चोरी होने के मामले में पुलिस ने सोमवार को मेरठ के कुख्यात हिस्ट्रीशीटर विनय त्यागी (57) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से सोने-चांदी के सिक्के और नकदी बरामद हो गई है।चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी त्यागी शिकायतकर्ता का पुराना परिचित निकला है। उसे शिकायतकर्ता ने ही अपनी गाड़ी में कीमती सामान रखा होने के बारे में बताया था। यह पता लगने के बाद आपराधिक प्रवृत्ति का त्यागी विश्वासघात करने से बाज नहीं आया। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि त्यागी के खिलाफ मेरठ, मुजफ्फरनगर, हरिद्वार और देहरादून में गैंगस्टर एक्ट समेत तीन दर्जन से अधिक गंभीर आपराधिक अभियोग दर्ज हैं, जिनमें वह पहले भी कई बार जेल जा चुका है। उसने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। वारदात 15 सितंबर को अशोक विहार निवासी प्रमोद त्यागी के साथ हुई। उनकी कार से रुपये और कीमती सामान चोरी हुआ था। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की सूचना के आधार पर 29 सितंबर को डाट काली मंदिर के पास आशारोड़ी टनल से विनय को गिरफ्तार किया। विनय ने बताया कि प्रमोद से उसका पुराना परिचय और घर आना-जाना था। बातचीत में उसकी गाड़ी में कीमती सामान होने की जानकारी मिली तो शीशा तोड़कर सब कुछ चोरी कर लिया।I