-खजूरी खास इलाके में 10 दिन पहले की थी वारदात, आरोपी कश्मीरी गेट से गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली, 22 अप्रैल
खजूरी खास इलाके में युवक वरुण (27) की चाकू से गोदकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने एक नशेड़ी प्रदीप (26) को कश्मीरी गेट से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से पूछताछ में पता चला है कि उसने वरुण से लूटपाट की कोशिश की, स्मैक के लिए डेढ़ सौ रुपये मांगे। रुपये न देने पर उसने वरुण की हत्या कर दी। आरोपी के पास से मृत वरुण का पर्स, डीटीसी पास, एटीएम कार्ड बरामद किया गया है।
13 अप्रैल को युवक वरुण अपनी बीमार बहन से मिलने के लिए खजूरी खास इलाके में बस से उतरकर पैदल जा रहा था। इस दौरान एक बदमाश उससे लूटपाट की कोशिश करने के बाद चाकू मार कर भाग गया था। घायल वरुण को राहगीर करण अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था। मामले में हत्या का केस दर्ज कर पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पुलिस ने आरोपी की पहचान मूल रूप से लोनी, गाजियाबाद निवासी प्रदीप मिश्रा के तौर पर की। आरोपी का सुराग देने वालों को थाना प्रभारी राधेश्याम ने उचित इनाम देने की भी घोषणा की।
जांच में पता चला कि प्रदीप मिश्रा का आपराधिक रिकॉर्ड है। वह साल 2017 में डकैती और झपटमारी के आरोप में गिरफ्तार हो चुका है। उसके खिलाफ 5 आपराधिक मामले दर्ज पाए गए। उसका अंतिम पता लोनी, गाजियाबाद में मिला। हालांकि अंत में पुलिस को पता चला कि प्रदीप मिश्रा नशे का आदि है और मरघट वाले बाबा हनुमान मंदिर कश्मीरी गेट में आवारागर्द की तरह रहता है। उसके बाद पुलिस ने उसे वहां से गिरफ्तार कर लिया।
शादी टूटने के बाद हुआ नशे का आदी
आरेापी प्रदीप का परिवार फिलहाल नांगलोई में रहता था। उसके पिता की नांगलोई में मोजे बनाने की एक यूनिट हैं। परिवार वालों ने बताया कि 2017 में प्रदीप की शादी टूट गई। उसके बाद वह नशे का आदि हो गया और हमेशा के लिए घर छोड़ दिया। शुरूआत में उसने नशे की लत को पूरा करने के लिए समारोहों में वेटर का काम भी किया, लेकिन बाद में लूटपाट करने लगा। घटना वाले दिन उसके पास 150 रुपये थे, लेकिन उसे ड्रग के लिए कुल तीन सौ रुपये चाहिए थे।