शमसाबाद। क्षेत्र के नगला जामुनी भान गांव के तालाब में शनिवार की रात एक गाय फंस गई थी। गाय निकालने के दौरान ट्रैक्टर पलट गया। दबने से ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई। हादसे में युवक की जान जाने से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस के मुताबिक नगला जामुनी भान में शनिवार की रात एक गाय तालाब में फंस गई थी। जानकारी होने पर रात करीब 10 बजे ग्रामीण गाय बाहर निकालने का प्रयास कर रहे थे। इसके लिए एक ट्रैक्टर लगाया गया था। गाय को निकालने के दौरान ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर तालाब में पलट गया। टैक्टर चालक रामू उर्फ रविकांत (38) निवासी नगला जामुनी भान दब गए। ग्रामीणों ने किसी तरह चालक को तालाब से बाहर निकाला। इलाज के लिए आगरा के एक निजी अस्पताल में लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। प्रभारी निरीक्षक शमसाबाद ने बताया कि हादसे में चालक की मौत हो गई। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जबकि ट्रैक्टर और गाय को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।