मेरठ। प्रमुख सचिव नगर विकास अमृत अभिजात ने रविवार को यहां चौधरी चरण सिंह विवि के नेताजी सुभाषचंद्र बोस प्रेक्षागृह में समर्थ उत्तर प्रदेश-विकसित उत्तर प्रदेश 2047 अभियान की शुरूआत की। अभियान की जनजागरूकता के लिए प्रबुद्धजन समिति की मौजूदगी में लोगों के साथ संवाद किया गया और उनके सुझाव मांगे गए। प्रमुख सचिव ने कहा कि जनसहभागिता के विकसित यूपी और विकसित भारत का सपना पूरा हो सकता है। इस दौरान उन्होंने वर्ष 2017 से वर्ष 2025 तक सभी विभागों की योजनाओं की प्रगति के बारे में विस्तार से बताया।
कार्यक्रम के दौरान शासन की ओर से नामित की गई समिति में शामिल प्रमुख सचिव नगर विकास अमृत अभिजात, प्रबुद्धजन पूर्व मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र, शिक्षाविद् जेएस राजपूत, सेवानिवृत्त कृषि अधिकारी ओमवीर सिंह, अरूण कुमार आदि ने दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम की शुरूआत की। इस मौके पर प्रमुख सचिव ने बताया कि उत्तर प्रदेश को वर्ष 2047 तक एक विकसित राज्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में प्रदेश सरकार ने एक महत्वपूर्ण पहल शुरू की है। समर्थ उत्तर प्रदेश-विकसित उत्तर प्रदेश/2047 अभियान में हर नागरिक को अपने विचार और सुझाव साझा करने का अवसर मिलेगा। इस अभियान के तहत नागरिक अपने सुझाव सीधे ऑनलाइन पोर्टल https://samarthuttarpradesh.up.gov.in/ पर दर्ज कर सकते हैं। इसके अलावा क्यूआर कोड के माध्यम से भी सुझाव दे सकते हैं इसके बाद उन्हे एक प्रमाण पत्र भी प्राप्त होगा।
विकसित यूपी अभियान में मेरठ का रहेगा महत्वपूर्ण योगदान
प्रबुद्धजन पूर्व मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र ने कहा कि विकसित उत्तर प्रदेश 2047 अभियान में मेरठ का विशेष योगदान रहेगा। मेरठ से ही देश की पहली रैपिड शुरू हुई। यहां तक कि दुनिया की पहली रैपिड और मैट्रो एक साथ यहीं से शुरू हो रही है। इसलिए मेरठ इस अभियान में विशेष योगदान दे सकता है। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त 2022 को लाल किले से प्रधानमंत्री ने राष्ट्र को संबोधित करते हुए पंच प्रण की बात कहीं, जिसका पहला प्रण था कि भारत को वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाएंगे। दूसरे प्रण में गुलामी की निशानी को समाप्त करेंगे, तीसरे प्रण में समृद्धशाली विरासत को संवारे और संजोएंगे। चौथे प्रण में हम सब एकजुट होकर राष्ट्र की एकता को आगे बढ़ाएंगे और पांचवें प्रण में हर नागरिक अपने कर्तव्य को पूरा करें। हर नागरिक को इसमे सहयोग करना होगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक हर आदमी को पक्का मकान, बिजली की सुविधा, शुद्ध पेयजल आदि की सुविधाएं और बेहतर मिलेंगी। वर्ष 2047 में हमारा प्रदेश आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश, सशक्त उत्तर प्रदेश, विकसित उत्तर प्रदेश होगा। तीन थीम और 12 सेक्टर, जिसमें कृषि, आईटी, पशुधन संरक्षण, अवस्थापना सेक्टर, औद्योगिक विकास आदि को मिलाकर यूपी के विकास का विजन तैयार करना होगा। इस मौके पर सेवानिवृत्त शिक्षा विद जेएस राजपूत, सेवानिवृत्त कृषि अधिकारी ओमवीर, मुख्य अभियंता अरुण कुमार ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने सभी से क्यू आर कोड के माध्यम से अपने सुझाव देने की अपील की।
लोगों ने भी दिए सुझाव
इस मौके पर कार्यक्रम में मौजूद युवा उद्यमियों, खिलाड़ियों, समाज सेवी आदि ने भी अपने विचार रखे। अर्जुन अवार्डी अलका तोमर ने कहा खिलाड़ियों के लिए मल्टीपर्पस स्टेडियम, इंडौर स्टेडियम बनाया जाना चाहिए। इससे खिलाड़ियों को खराब मौसम में भी अभ्यास की सुविधा मिल सकेगी। उन्होंने डोपिंग को लेकर भी सुझाव दिए। एथलेटिक्स कोच गौरव त्यागी ने पैरा खिलाड़ियों के लिए हॉस्टल का निर्माण किए जाने की मांग रखी, जिससे पैरा में और भी अधिक पदक आ सकें। इसके अलावा लोगों लोगों ने रोड सेफ्टी जागरूकता के लिए कार्य करने, बच्चों को अपनी संस्कृति के विषय में बताने, विकास योजना का अधिक प्रचार करने, अटल विद्यालय हर जिले हर ब्लॉक में खोले जाने की मांग रखी। पूर्व मुख्य सचिव ने सभी के सुझावों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यहां खेल विवि भी बन रहा है ऐसे में खेल के लिए और भी कार्य किए जाएंगे।
इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह, सीडीओ नूपुर गोयल, नगर आयुक्त सौरभ गंगवार, उपायुक्त उद्योग दीपेंद्र कुमार, क्षेत्रीय क्रीडा अधिकारी जितेंद्र यादव आदि अधिकारी रहे।