1184 लोगाें का यीडा सिटी में आशियाना बनाने का सपना हुआ पूरा
1.30 लाख लोगों में से 1184 को मिले यीडा के आवासीय प्लॉट
- आठ घंटे चली ड्रॉ प्रक्रिया के बाद सफल आवेदकों के चेहरे खिले, यीडा के सेक्टर- 16, 18 व 20 में हैं प्लॉट
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। यमुना प्राधिकरण (यीडा) के आवासीय भूखंड योजना का ड्रॉ सेक्टर पी-3 के सामुदायिक केंद्र में हुआ। करीब आठ घंटे तक चली प्रक्रिया में 1.30 लाख आवेदकों में से 1184 लोगों को भूखंड आवंटित किए गए। योजना में सफल हुए आवेदकों के चेहरे खिल उठे वहीं अन्य निराशा दिखे। सफल आवेदकों की सूची प्राधिकरण की वेबसाइट पर अपलोड की जाएगी।
यीडा ने 1184 आवासीय भूखंडों की योजना निकाली थी। इसमें 120, 162, 200, 500, 1000 और 2000 वर्गमीटर भूखंड शामिल थे। योजना में 1,30,537 लोगों ने आवेदन किए थे। अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी विपिन जैन की अध्यक्षता में गठित कमेटी की देखदेख में ड्राॅ प्रक्रिया बुधवार सुबह 10 बजे शुरू की गई। सबसे पहले 120 वर्गमीटर के आवेदकों की पर्ची निकाली गई। सामान्य वर्ग में पहली पर्ची रजनी गुप्ता की निकली। हालांकि वह ड्राॅ स्थल पर मौजूद नहीं थीं। प्लॉटों की हर श्रेणी में सबसे पहले किसान कोटे और दिव्यांगों के लिए आरक्षित प्लॉटों की पर्ची निकाली गई। ड्रा के दौरान आवेदक अपनी पर्ची निकलने का इंतजार करते रहे।
बॉक्स के ठीक से नहीं घूमने पर जताई आपत्ति
ड्रा में शामिल होने आए कुछ आवेदक संतुष्ट नहीं दिखे। उन्होंने पर्ची से भरे बॉक्स के ठीक से नहीं घूमने की शिकायत की। किसान कोटे से फाॅर्म भरने वाले रविंद्र समेत कई लोग ड्रा प्रक्रिया से खुश नहीं थे। लोगों का कहना था कि बॉक्स के बराबर नहीं घूमने से केवल ऊपर पड़ी पर्चियां ही निकाली गईं।
आवासीय भूखंडों का ड्राॅ ईमानदारी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराया गया। आवेदकों की संतुष्टि के लिए कुछ पर्चियों का सत्यापन भी कराया गया। पारदर्शिता के लिए लाइव प्रसारण कराया गया। सफल आवेदकों की सूची वेबसाइट पर अपलोड कर दी जाएगी। - डॉ़ अरुणवीर सिंह, सीईओ यमुना प्राधिकरण