ग्रेटर नोएडा (संवाद)। गौतमबुद्ध नगर की जूनियर कबड्डी टीम ने मेरठ में आयोजित राज्य कबड्डी चैंपियनशिप जोन बी में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान प्राप्त किया। तीसरा स्थान हासिल करने के आधार पर टीम का चयन राज्य कबड्डी चैंपियनशिप (सुपर लीग) के लिए पक्का हो गया है। इस प्रतियोगिता में 12 जिलों की टीमों ने भाग लिया। जिले की टीम को पूल सी में रखा गया।
जिला कबड्डी एसोसिएशन के अध्यक्ष जितेंद्र नागर ने बताया कि मेरठ के दबथुआ स्थित गांधी स्मारक इंटर कॉलेज में 49वीं, जूनियर राज्य कबड्डी चैंपियनशिप जोन-बी का आयोजन किया गया। इसमें मेरठ, उन्नाव, झांसी, बुलंदशहर, गाजियाबाद, महोबा, गौतमबुद्ध नगर, बागपत, शाहजहांपुर, हापुड़, कानपुर, बांदा की टीम ने भाग लिया।
प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले की टीम ने सेमीफाइनल में जगह बनाई। टीम का सेमीफाइनल में मेरठ की टीम के साथ रोमांचक मुकाबला हुआ। 33-34 अंक के अंतर से जिले की टीम को हार मिली और तीसरे स्थान पर रही। तीसरे स्थान पर रहने के कारण टीम का चयन राज्य कबड्डी चैंपियनशिप (सुपर लीग) के लिए हुआ है। इस प्रतियोगिता का आयोजन 13 से 15 नवंबर को जौनपुर में किया जाएगा।