ग्रेटर नोएडा (संवाद)। गौतमबुद्ध नगर की रोलबॉल टीम ने लखनऊ में हुई उत्तर प्रदेश रोलबॉल प्रतियोगिता के बालक वर्ग में स्वर्ण व बालिका वर्ग में रजत पदक जीते हैं। कोच मिलिंद शर्मा ने बताया कि 31 अगस्त से 2 सितंबर तक हुई प्रतियोगिता में अंडर-11 आयु बालक वर्ग में गौतमबुद्ध नगर की टीम ने फाइनल में मेरठ टीम को 5-4 अंक से हराया। अंडर-11 बालिका वर्ग में जिले की टीम को फाइनल मैच में लखनऊ के खिलाफ 1-3 अंक से हार का सामना करना पड़ा। जिला रोलबॉल संघ के अध्यक्ष मोहित डालगिर व सचिव रविकांत ठाकुर ने बालक व बालिका टीम को अच्छे प्रदर्शन पर बधाई दी।