- जिलाधिकारी ने जिले की 62 गैस एजेंसियों पर नियुक्त किए मजिस्ट्रेट, पुलिस की भी मदद लेगा प्रशासन, अपात्रों को लाइनों से हटाएगा
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। जिले की गैस एजेंसियों पर वितरण के समय फैली अव्यवस्था दूर होगी। इसके लिए जिलाधिकारी ने सभी एजेंसी पर मजिस्ट्रेट की नियुक्ति की है। कुल 12 मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं जो एजेंसियों पर गैस सिलिंडर वितरण की व्यवस्था को दुरुस्त करेंगे। इस काम में पुलिस की भी मदद ली जाएगी। मौके पर पुलिस बल भी तैनात किया जाएगा। प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि एजेंसियों से अपात्र लोगों को लाइन से हटाया जाएगा।
ईरान और अमेरिका-इजराइल युद्ध के कारण भारत में गैस की आपूर्ति पर असर पड़ा है। इस कारण सरकार ने कॉमर्शियल गैस सिलिंडर की आपूर्ति रोक दी थी। जिसके बाद से घरेलू गैस सिलिंडर की मारामारी शुरू हो गई थी। जिले की 62 गैस एजेंसियों पर रोजाना करीब 28 हजार गैस सिलिंडर का वितरण हो रहा है। यहां रोजाना सुबह से ही लोगों की लंबी कतार लग जाती है। कई जगह हंगामा हो चुके है। लोग एजेंसियों पर कालाबाजारी का आरोप लगा रहे हैं। इस समस्या को देखकर जिलाधिकारी मेधा रूपम ने सभी एजेंसियों पर मजिस्ट्रेट की नियुक्ति की है।
कुल 12 मजिस्ट्रेट में डिप्टी कलेक्टर विवेक भदौरिया, वेदप्रकाश पांडेय व चारूल यादव, एसडीएम जेवर दुर्गेश सिंह, एसडीएम सदर आशुतोष गुप्ता, नगर मजिस्ट्रेट अरविंद मिश्र, तहसीलदार प्रतीत चौहान, ओम प्रकाश पासवान व अजय कुमार और नायब तहसीलदार प्रज्ञा चौहान, अजेंद्र तोमर, प्रीति बालियान शामिल हैं। सभी को 4 से 5 एजेंसी की जिम्मेदारी दी गई है। सभी मजिस्ट्रेट वहां पर समस्या, खामियों और अन्य स्थिति की जांच कर निस्तारण करेंगे। अफसरों ने बताया कि सभी एजेंसी पर पुलिस बल भी तैनात होगी। इस संबंध में पुलिस को पत्र लिखा गया है।