बैंक्वेट हॉल और क्लब हाउस के सामने का बदलेगा डिजाइन
गोल्फ कोर्स : सीईओ ने निर्माणाधीन गोल्फ कोर्स का किया दौरा
-डिजाइन को देखकर जताई नाखुशी
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-151 के निर्माणाधीन गोल्फ कोर्स के बैंक्वेट हॉल और क्लब हाउस के सामने का डिजाइन बदलेगा। इसे और अधिक आकर्षक बनाने का निर्देश सीईओ लोकेश एम ने संबंधित अधिकारियों को दिए हैं। उन्होंने बुधवार को गोल्फ कोर्स के निरीक्षण के दौरान यह निर्देश दिए।
मौके पर मौजूद कंसल्टेंट ओरियन आर्किटेक्ट के पदाधिकारियों ने सीईओ को डिजाइन और डेकोरेशन आदि के बारे में विस्तार से बताया। इसे देखने के बाद उन्होंने नाखुशी जाहिर की। उन्होंने स्पष्ट तौर पर सामने से दिखने वाले गोल्फ कोर्स के बैंक्वेट हॉल और क्लब हाउस के डिजाइन और डेकोरेशन में बदलाव करने के निर्देश दिए। पहले से बनाया गया डिजाइन सीईओ को आकर्षक नहीं दिखा। यही वजह है कि उन्होंने आपत्ति जाहिर की।
इसके अलावा गोल्फ कोर्स के काम के रफ्तार पर भी उन्होंने नाखुशी जाहिर करते हुए इसकी गति बढ़ाने को कहा। उन्होंने इसके काम को चरणबद्ध तरीके से तय समयावधि में कराने के निर्देश दिए। इस मौके पर सीईओ लोकेश एम के अलावा डीजीएम श्रीपाल भाटी, वरिष्ठ प्रबंधक केवी सिंह और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
-
94 प्रतिशत जमीन खरीदी
गोल्फ कोर्स के लिए प्रस्तावित 113 एकड़ में से 94 प्रतिशत जमीन अब तक खरीदी गई है। बाकी जमीन खरीदने के लिए प्राधिकरण के अधिकारियों और किसानों के बीच बातचीत चल रही है। जल्द से जल्द यह काम पूरा करने के निर्देश सीईओ ने दिए हैं। इस बाबत भूलेख विभाग के अधिकारी किसानों के साथ मिलकर समाधान ढूंढने में लगे हुए हैं। कुछ दिनों पहले गोल्फ कोर्स की दीवार को लेकर भी विवाद हुआ था। किसान यहां अपनी जमीन बताकर दीवार का काम रोकने आए थे।
गोल्फ कोर्स फैक्ट फाइल
निर्माणाधीन गोल्फ कोर्स में करीब एक हजार सदस्यों ने पंजीकरण कराया है और इनमें से 200 सदस्यों ने एकमुश्त 10 लाख रुपये की राशि प्राधिकरण में जमा की है। गोल्फ कोर्स का निर्माण 94 करोड़ की लागत से हो रहा है। यह करीब 113 एकड़ में फैला हुआ होगा। फिलहाल यहां 42 प्रतिशत काम हुआ है। काम पूरे होने की डेडलाइन 31 दिसंबर 2023 है।