उपायुक्त ने पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण कर, विद्यार्थियों को मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। उपायुक्त डॉ. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने शनिवार को शहर के पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों और उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लेने के साथ विद्यार्थियों के बीच पहुंचकर उनकी क्लास भी ली। उन्होंने विद्यार्थियों से विभिन्न विषयों से संबंधित सवाल पूछकर उनके शैक्षणिक और व्यावहारिक ज्ञान को परखा। साथ ही उन्हें जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने विद्यालय परिसर में साफ-सफाई, लाइब्रेरी, बुनियादी सुविधाओं और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बुनियाद क्लास और गेस्ट लेक्चरर्स के माध्यम से विद्यार्थियों को दी जा रही शैक्षणिक सुविधाओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। विद्यालय प्रबंधन से शिक्षा की गुणवत्ता और विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के संबंध में चर्चा की।
विद्यार्थियों से किया सीधा संवाद
इसके बाद उपायुक्त ने विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया। उन्होंने बच्चों से पढ़ाई-लिखाई, विभिन्न विषयों की समझ और स्कूल में मिलने वाली सुविधाओं के बारे में सवाल किए। विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं को सुनते हुए उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन भविष्य की मजबूत नींव तैयार करने का सबसे महत्वपूर्ण समय है। इस दौरान की गई मेहनत और अपनाया गया अनुशासन जीवन में आगे बढ़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
असफलताओं से घबराने के बजाय उनसे सीख लें
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार लक्ष्य निर्धारित करें और उन्हें हासिल करने के लिए पूरी लगन एवं ईमानदारी से प्रयास करें। नियमित पढ़ाई, निरंतर अभ्यास और समय का सदुपयोग सफलता के महत्वपूर्ण आधार हैं। विद्यार्थियों को असफलताओं से घबराने के बजाय उनसे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। उपायुक्त ने शिक्षकों से भी कहा कि वे विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक शिक्षा और अच्छे संस्कार देने पर विशेष ध्यान दें, ताकि उनका सर्वांगीण विकास हो सके। निरीक्षण के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य शिवदयाल और खंड शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश उपस्थित रहे।