आंकड़े छिपा रहा विभाग, जिला अस्पताल में ही 10 पॉजिटिव मिले
- डेंगू: बृहस्पतिवार को केवल दो मरीजों की ही पुष्टि पर लैब बता रही हकीकत
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। जिले में डेंगू मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है, वहीं स्वास्थ्य विभाग इसके आंकड़ों को छिपा रहा है। जहां बृहस्पतिवार को मलेरिया विभाग ने केवल दो मरीजों में डेंगू की पुष्टि की है, वहीं जिले में 10 मरीज अकेले जिला अस्पताल में पॉजिटिव पाए गए हैं। इसके अलावा जिले के निजी अस्पतालों में भी डेंगू के मरीज भर्ती हैं।
जिला मलेरिया विभाग द्वारा बृहस्पतिवार को जारी की गई डेंगू बुलेटिन में केवल दो मरीजों की पुष्टि की गई। वहीं जिला अस्पताल की पैथोलॉजी लैब से मिली जानकारी के अनुसार बृहस्पतिवार को ही अस्पताल में 10 पॉजिटिव मरीज मिले हैं। वहीं कई निजी अस्पतालों मरीज इसमें शामिल किए जाएं तो यह संख्या 18 से 20 तक पहुंच सकती है। वहीं स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले में अब तक डेंगू पॉजिटिव मरीजों की संख्या 291 हो चुकी है। इनमें से एक मरीज की मौत भी हो चुकी है।
डेंगू का लार्वा मिलने पर बिल्डर और विभिन्न प्रतिष्ठानों के खिलाफ अब तक 35 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जा चुका है। 100 से अधिक लोगों को नोटिस भी दिया जा चुका है। कार्रवाई के बाद भी डेंगू के गंभीर मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है। बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल में तीन लोगों को प्लेटलेट चढ़ाई गईं। इनमें ले किसी की प्लेटलेट 10 तो किसी की 20 हजार ही बची थीं। जिले में डेंगू से हुई पहली मौत के मामले में भी स्वास्थ्य विभाग ने दो दिनों तक मृतक की मौत का कारण डेंगू को नहीं माना था। इसके बाद जिला अस्पताल में इसकी पुष्टि की गई थी।
एंटी लार्वा और फॉगिंग की मांग तेज
बढ़ते संक्रमण के बीच सेक्टर व सोसाइटी के लोग एंटी लार्वा और फॉगिंग की लगातार मांग कर रहे हैं। सेक्टर- 34, 38, 44, 66, 55 समेत अन्य सेक्टरों के लोगों का कहना है कि उनके यहां एक बार भी फॉगिंग नहीं हुई है।