पांच खिलाड़ियों का राष्ट्रीय चयन लगभग तय
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्ध नगर की महिला खो-खो टीम ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए अंतिम आठ में जगह बनाई। टीम की पांच खिलाड़ियों का राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में चयन लगभग तय माना जा रहा है। खो-खो फेडरेशन ऑफ इंडिया (केकेएफआई) के तत्वावधान में 21 से 23 नवंबर तक हरदोई के अलीपुर स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया कॉलेज में राज्य स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता आयोजित हुई। इसमें जिले की टीम ने क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय किया। हालांकि क्वार्टर फाइनल में हार के बाद टीम बाहर हो गई। पूरे टूर्नामेंट में तानिया, हिमानी, एकता, अंजलि और आसी कुमारी ने शानदार खेल दिखाया।
स्कूल और परिवार में खुशी
सभी खिलाड़ी ग्रेटर नोएडा के दादरी स्थित शैफाली स्कूल की छात्राएं हैं। स्कूल प्रबंधन ने बताया कि टीम के अंतिम आठ में पहुंचने से विद्यालय और परिवार में खुशी का माहौल है। स्पोर्ट्स एचओडी विवेक ने कहा कि पांचों खिलाड़ियों का राष्ट्रीय स्तर पर चयन होने की संभावना है। इन खिलाड़ियों का चयन 6-7 नवंबर को दादरी के श्रीराम इंटर कॉलेज में आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के आधार पर हुआ था। बुधवार को स्कूल लौटने पर प्रधानाचार्य शिल्पा सिंह ने खिलाड़ियों का स्वागत कर सम्मानित किया। कोच वंदना सिंह की देखरेख में सभी खिलाड़ी खो-खो की तैयारी कर रही हैं। वहीं, पुरुष वर्ग में ग्रंथ और संदर्भ का भी राष्ट्रीय स्तर पर चयन होने की संभावना है।
खिलाड़ियों की प्रतिक्रिया
राज्य स्तर पर खेलने से काफी कुछ सीखने को मिला। यहां तक पहुंचने में माता-पिता और कोच का बड़ा सहयोग रहा। उम्मीद है कि एक दिन देश के लिए खेंलूंगी। - हिमानी
राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर खेलना गर्व की बात है। राज्य स्तर का सफर सुखद रहा, अब राष्ट्रीय स्तर की तैयारियों में जुटी हूं। - अंजली