नूंह। जिला सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की भजन मंडलियां गांव-गांव पहुंचकर लोगों को कोरोना संक्रमण से बचाव, हिदायतों की पालना व टीकाकरण आदि के लिए जागरूक कर रही हैं। शुक्रवार को करतार सिंह व सुरेश कुमार की भजन पार्टी ने गांव डालाबास पढै़नी में ‘कोरोना का खतरा अभी नहीं सै टला, मास्क लगाण में ही है सबका भला’ आदि गीतों के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक किया। वहीं सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
कलाकारों द्वारा लोगों को बताया जा रहा है कि कोरोना वैक्सीन पूरी तरह से सुरक्षित है और किसी तरह का कोई साइड इफेक्ट नहीं है। इसलिए 45 से 59 आयु वर्ग व 60 से अधिक आयु वर्ग के लोग टीकाकरण के लिए आगे आएं और दूसरों को भी प्रेरित करें। मास्क लगाने, सामाजिक दूरी का पालन करने, खांसी, बुखार, जुखाम आदि होने पर तुरंत अपना टेस्ट करवाने का भी आह्वान किया गया। कलाकारों ने आमजन को अपनी फसल का मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकरण करवाने का भी आह्वान किया। अपील कि वह अपने-अपने परिवार पहचान पत्र अवश्य बनाएं व जिन व्यक्तियों ने परिवार पहचान पत्र बनवा लिए हैं, वे अपना डाटा अपडेट करवाएं।