व्यापारियों और निवासियों का आरोप, बगैर प्रशासनिक सलाह के बंद किए गए कट, अधिकारी भी नहीं दे रहे ध्यान
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। दादरी में रेलवे रोड पर चल रहे सड़क निर्माण कार्य के कारण सभी कट बंद कर दिए गए हैं। यातायात वन-वे हो गया है। इससे दादरी तिराहे पर वाहनों का दबाव बढ़ गया। बृहस्पतिवार को दिनभर यहां जाम की स्थिति रही। लोगों को तिराहा पार करने में घंटेभर लग गए।
ग्रेनो प्राधिकरण दादरी रेलवे ओवरब्रिज से तिराहे तक सड़क का निर्माण करा रहा है। दोनों ओर की एक-एक लेन का लगभग 75 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। डिवाइडर से सटी लेन के निर्माण के चलते सभी कट बंद कर दिए गए हैं, जिससे एक तरफ से दूसरी तरफ जाने का रास्ता बंद हो गया है। फिलहाल वाहन केवल पेट्रोल पंप के सामने और दादरी तिराहे से ही दूसरी ओर जा पा रहे हैं। इससे दोनों स्थानों पर वाहनों का दबाव काफी बढ़ गया है।
रेलवे रोड पर कट बंद होने के कारण लोग दूसरी ओर जाने के लिए दादरी तिराहे का इस्तेमाल कर रहे हैं। इसी मार्ग से जीटी रोड की ओर आने-जाने वाले वाहन भी गुजरते हैं जिससे तिराहे पर लगातार जाम लगा रहा।
सब्जी मंडी के पास वाला कट बंद नहीं करना चाहिए। इससे यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है। -मनोज गोयल, अध्यक्ष, व्यापार संघ
केदार ने बिना प्रशासनिक अधिकारियों की सलाह के कट बंद किए गए है। एक-दो कट खुले रहते तो दिक्कत नहीं होती। -विवेक गोयल, व्यापारी
हमें कहीं आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है लेकिन हमारी इस समस्या पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। -सतपाल, निवासी
निर्माण शुरू करने से पहले पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्था बनाई जानी चाहिए थी ताकि परेशानी न हो। -राजकुमार सिंह, निवासी