कोतवाली सेक्टर-58 पुलिस के साथ हुई मुठभेड़
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। कोतवाली सेक्टर-58 पुलिस के साथ मुठभेड़ में डिलिवरी ब्वॉय बनकर लूटपाट करने वाले बदमाश के पैर में गोली लगी है। बृहस्पतिवार देर रात आरोपी के साथ सेक्टर-62 में मुठभेड़ हुई। पुलिस ने घायल बदमाश धीरज उर्फ लंबू को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। बदमाश के पास से चोरी की बाइक, तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं। वहीं, उसका साथी अमन पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।
नोएडा के डीसीपी यमुना प्रसाद का कहना है कि कोतवाली सेक्टर-58 पुलिस की टीम बृहस्पतिवार रात को सेक्टर-62 के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बदमाश को पकड़ा गया।
पुलिस का कहना है कि धीरज उर्फ लंबू की पुलिस के साथ तीसरी मुठभेड़ थी। इससे पहले 2021 में आगरा और 2025 में गौतमबुद्धनगर के ही सेक्टर-113 थाने में मुठभेड़ में गिरफ्तार हुआ था। उसके दोनों पैरों में गोली लग चुकी है। वह कुछ समय पहले जेल से आया था और फिर ई-कॉमर्स साइट के लिए डिलिवरी का काम करता था।
इस बीच उसने अपना गैंग बनाया और वारदात करने लगा। वह वाहन को चोरी करने के बाद डिलीवरी के दौरान सुनसान पर मिलने वाले लोगों से गन पॉइंट पर लूट और स्नैचिंग करता है। इस पर 15 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। इसने अब तक दिल्ली-एनसीआर में 50 से अधिक घटनाओं को अंजाम दिया है।