पंचशील हाइनिश सोसाइटी में घायल इंजीनियर
- फोटो : Grnoida
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट स्थित पंचशील हाइनिश सोसाइटी में रविवार देर रात दस से अधिक लोगों ने दंपती पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया। हाल ही में दुबई से लौटे भाई ने विरोध किया तो आरोपियों ने उस पर भी हमला कर घायल कर दिया। महिला दिवस सोसाइटी के अंदर हुए हमले की वारदात के बाद लोग सोशल मीडिया पर गुस्सा प्रकट कर रहे हैं। वहीं, पुलिस ने इस मामले में 17 घंटे बाद एनसीआर दर्ज की है। पीड़ित पक्ष ने मामले में जानलेवा हमले की धारा में केस दर्ज करने की मांग की है।
पंचशील हाइनिश सोसाइटी निवासी आईटी इंजीनियर अनुज सैनी ने बताया कि वह अपनी पत्नी और छोटे भाई अरुण के साथ रविवार रात सोसाइटी में टहल रहे थे। इसी दौरान दस लोगों ने उन पर और उनकी पत्नी मोनिका पर हमला किया। उनका छोटा भाई सॉफ्टवेयर कुछ दिन पहले से ही होली की छुट्टी लेकर दुबई से लौटा है। उसने हमले का विरोध किया। आरोपियों ने कुछ अन्य लोगों को बाहर से बुलाकर उससे भी मारपीट की। सोसाइटी के लोगों ने बीच बचाव का प्रयास किया तो उनसे भी आरोपियों ने धक्का-मुक्की व मारपीट की। हमले में अनुज के सिर और दोनों घुटने में चोट आई और उनकी पत्नी व भाई भी चोटिल हुए हैं। आरोप है कि सूचना और शिकायत करने के बाद भी पुलिस ने उस दौरान कार्रवाई नहीं की। मामले में सोमवार को मामले में एनसीआर दर्ज की गई है। सोशल मीडिया पर लोगों ने इस घटना को लेकर रोष प्रकट किया। लोगों का कहना है कि महिला दिवस पर लोग महिलाओं को सम्मानित कर रहे हैं और आरोपियों ने महिला व उसके परिवार के लोगों पर हमला किया। कुछ लोग सोसाइटी की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े कर रहे हैं।
समीति का पदाधिकारी बनाने को लेकर मानते हैं रंजिश
अनुज का कहना है कि छह माह पहले सोसाइटी के लोगों ने समस्या के निस्तारण को लेकर एक समिति बनाई थी। इसमें दूसरे पक्ष के लोगों ने भी हिस्सा लिया था। इसमें हुई वोटिंग में आरोपी पक्ष को लोगों ने काफी कम समर्थन किया था। वहीं, अनुज को भी पदाधिकारी बनाया गया था। वहीं, पुलिस सोसाइटी के एक मंदिर निर्माण को लेकर दो पक्षों में विवाद और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर एनसीआर की कार्रवाई की बात कह रही है।