माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। सेक्टर बीटा-1 में पार्कों की बदहाल स्थिति पर निवासियों ने शुक्रवार को विरोध जताया। निवासियों ने कहा कि सेक्टर के अधिकांश पार्कों का रखरखाव ठीक से नहीं किया जा रहा, जिससे हरियाली खत्म होती जा रही है और पार्कों की सुंदरता नहीं बची है।
निवासियों के अनुसार, पार्कों की देखरेख का जिम्मा जिस ठेकेदार को सौंपा गया है, वह नियमित रूप से काम नहीं कर रहा। समय पर घास की कटाई न होने की वजह से कई पार्कों में घास बड़ी हो गई है, जबकि कई स्थानों पर पानी न मिलने के कारण घास पूरी तरह सूख चुकी है। लोगों का कहना है कि सुबह-शाम टहलने और बच्चों के खेलने के लिए बने पार्क अब बदहाल नजर आ रहे हैं।
स्थानीय निवासी हरेंद्र भाटी ने बताया कि कई बार संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार को शिकायत की लेकिन स्थिति में खास सुधार नहीं हुआ। पार्कों में जगह-जगह सूखी घास, टूटे किनारे और गंदगी पड़ी रहती है। सेक्टरवासियों का कहना है कि वरिष्ठ नागरिकों और महिलाओं को भी काफी परेशानी हो रही है। अगर समय रहते पार्कों की देखभाल नहीं की गई तो सेक्टर की हरियाली पूरी तरह खत्म हो जाएगी। निवासियों ने प्राधिकरण से पार्कों के रखरखाव की नियमित निगरानी करने और लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।