ग्रेटर नोएडा। बेसिक स्कूलों की भांति अब माध्यमिक विद्यालयों में प्रबंध एवं विकास समिति (एसएमडीसी) का गठन किया जाएगा। यह समिति स्कूलों में रखरखाव और शैक्षिक सुधारों के लिए काम करेगी। इस समिति में अलग-अलग कक्षाओं के सबसे मेधावी एवं सबसे फिसड्डी विद्यार्थियों के माता-पिता या अभिभावक इसके सदस्य होंगे। कक्षा छह, सात, आठ, नौ, 10, 11 और 12 के एक-एक छात्र के अभिभावक समिति के सदस्य होंगे। सामाजिक विज्ञान, गणित और विज्ञान के शिक्षक भी सदस्य बनाए जाएंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार सिंह ने बताया कि समिति का गठन हर साल शैक्षिक सत्र शुरू होने के दो सप्ताह के किया जाएगा। स्कूल के प्रधानाचार्य इस समिति के पदेन अध्यक्ष होंगे। उप प्रधानाचार्य या वरिष्ठतम शिक्षक उपाध्यक्ष होंगे। वहीं, सदस्य सचिव का चयन देवनागरी वर्णमाला के क्रमानुसार कार्यकारिणी के अध्यापक सदस्यों में से होगा। ब्यूरो