क्षेत्र के गांव लधौआ के पास जीटी रोड पर सोमवार की शाम सड़क किनारे खड़े कंटेनर की साइड के कुंदे पर रस्सी से लटका एटा के एक चालक का शव मिला है।
थाना पुलिस ने बताया कि सोमवार की शाम समय करीब साढ़े पांच बजे सूचना मिली कि गांव लधौआ के पास एक कंटेनर सड़क किनारे खड़ा है, जिसकी एक साइड में एक व्यक्ति मृत हालत में रस्सी के फंदे पर लटका हुआ है। क्षेत्राधिकारी बरला के साथ थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतार कर तलाशी ली, तो जेब में मिले कागजात से उसकी पहचान नरेंद्र यादव (25 ) पुत्र जयसिंह निवासी नगला वली थाना जैथरा एटा के रूप में हुई है।
क्षेत्राधिकारी बरला गर्वित सिंह ने बताया है कि घटना की जानकारी युवक के परिजनों को दे दी गई है। देरशाम थाने पर पहुंचे युवक के परिजनों ने बताया कि नरेंद्र अविवाहित था और पांच भाइयों में दूसरे नंबर का था।