-रायशुमारी से और भी बढ़ गई सिरदर्दी, अब प्रदेश नेतृत्व खुद बनाएगा पैनल
विनोद डबास
नई दिल्ली। भाजपा में एमसीडी के 12 वार्डों में होने वाले उपचुनाव में टिकट वितरण का मामला सुलझने के बजाय और उलझ गया है। मंडल स्तर पर कराई गई रायशुमारी अब विवादों में घिर गई है। कई मंडलों में प्रभावशाली दावेदारों और उनके समर्थकों ने राय देने वाले पदाधिकारियों को प्रभावित कर लिया। इस कारण पैनल में निष्पक्ष राय नहीं आ रही है। अब प्रदेश भाजपा ने अपने स्तर पर नया पैनल तैयार करने का फैसला किया है।
सूत्रों के अनुसार, मंडल स्तर पर हुई रायशुमारी में कई जगहों पर टिकट के दावेदारों ने अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर पदाधिकारियों से अपने पक्ष में नाम लिखवाए। प्रक्रिया के तहत प्रत्येक मंडल से तीन नाम भेजे जाने थे, लेकिन अधिकतर स्थानों पर एक मजबूत दावेदार का नाम और दो डमी कार्यकर्ताओं के नाम भेज दिए गए, जिससे अन्य प्रमुख दावेदारों के नाम पैनल से बाहर रह गए। पार्टी में इस एकतरफा रायशुमारी से गहरी नाराजगी है। कई दावेदारों ने प्रदेश नेतृत्व को शिकायत दी है कि रायशुमारी निष्पक्ष नहीं रही और संगठन के अंदरूनी समीकरणों के कारण उनके नाम जानबूझकर काटे गए।
बताया जा रहा है कि कुछ प्रभावशाली नेताओं ने संगठनात्मक ढांचे के गठन के दौरान अपने नजदीकी लोगों को मंडल और जिला स्तर पर पद दिलवाए थे। अब उन्हीं पदाधिकारियों ने रायशुमारी के दौरान उनके मनमाफिक नाम आगे बढ़ाए हैं, ताकि उनके समर्थकों को टिकट मिल सके। इससे पार्टी के भीतर नाराजगी और गुटबाजी दोनों बढ़ गई हैं। कई पुराने कार्यकर्ताओं ने कहा है कि पार्टी की पारदर्शी परंपरा इस बार कमजोर पड़ती दिख रही है।
-
नया पैनल तैयार करने की प्रक्रिया शुरू
इसी पृष्ठभूमि में प्रदेश भाजपा नेतृत्व ने मंडल स्तर की रायशुमारी को आंशिक रूप से दरकिनार करते हुए अपने स्तर पर नया पैनल तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। सूत्र बताते हैं कि प्रदेश नेतृत्व ने सभी वार्डों से प्राप्त नामों की समीक्षा कर एक व्यापक सूची तैयार की है, जिसमें वे सभी नाम शामिल हैं जिन्हें मंडल स्तर पर अनदेखा किया गया था। इस सूची के आधार पर तीन-तीन दावेदारों का अंतिम पैनल तैयार किया जाएगा।
पैनलों को अंतिम रूप देकर समिति के सामने रखेंगे
पार्टी सूत्रों के अनुसार, इन पैनलों को अंतिम रूप देने के बाद उन्हें भाजपा की चुनाव समिति के समक्ष रखा जाएगा। चुनाव समिति इन पैनलों पर विचार-विमर्श के बाद प्रत्येक वार्ड के उम्मीदवार के नाम पर मुहर लगाएगी। यह बैठक अगले एक-दो दिनों में होने की संभावना है। वर्तमान में भाजपा की चुनाव समिति में 21 सदस्य शामिल हैं, लेकिन बताया जा रहा है कि इसमें संशोधन करते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को भी समिति में शामिल किया जा रहा है, जिससे सदस्यों की संख्या बढ़कर 22 हो जाएगी। समिति में प्रदेश अध्यक्ष, संगठन महामंत्री, सांसद, पूर्व अध्यक्ष, महापौर और कुछ वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हैं।