शहरी विकास मंत्री आशीष सूद ने स्वच्छता पोर्टल लॉन्च किया, स्वच्छता प्रतियोगिता शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
शहरी विकास मंत्री आशीष सूद ने बुधवार को दिल्ली को कूड़े से आजादी अभियान का स्वच्छता पोर्टल https://swachhata.delhi.gov.in/ लॉन्च किया। इस पर कोई भी सफाई की तस्वीरें अपलोड कर सकता है। सफाई की सबसे बेहतर तस्वीर डालने वाली नागरिक कल्याण समितियों को 25 लाख तक इनाम मिलेगा। अभियान 31 अगस्त तक चलेगा।
आशीष सूद ने लोगो से अपील करते हुए कहा कि दिल्ली देश की राजधानी है जिसे स्वच्छ रहना जरूरी है। इस अभियान में हिस्सा लेकर दिल्ली को रहने लायक खूबसूरत शहर बनाएं। विकसित भारत का सपना तभी पूरा होगा जब दिल्ली जैसे महानगर साफ-सुथरे हों। स्वच्छता अभियान के तहत नागरिक कल्याण समितियों के लिए एक खास प्रतियोगिता भी शुरू की गई है। समितियां पोर्टल पर पंजीकरण कर सफाई की तस्वीरें अपलोड कर सकती हैं। मूल्यांकन के लिए हर राजस्व डिवीजन में डीएम की अगुआई में कमेटी बनेगी जो तस्वीरों और मौके की जांच करेगी। विजेता समितियों को पहला पुरस्कार 25 लाख, दूसरा 15 लाख व तीसरा 10 लाख रुपये मिलेगा। यह राशि उनकी कॉलोनी या सोसाइटी के विकास कार्यों में खर्च होगी। सूद ने बताया कि शिक्षा विभाग ने दिल्ली में 4000 स्थानों को सफाई के लिए तय किया है जहां काम चल रहा है।