यमुना तट में कार्यक्रम को लेकर जानकारी देते आयोजक
-सेक्टर-94 में सात नवंबर को पहली बार होगा श्री यमुना सनातन ज्योति महासंगम-वैदिक महायज्ञ, दीपदान और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ यमुना स्वच्छता का लेंगे संकल्प
नोएडा (संवाद)। काशी और अयोध्या की तर्ज पर अब नोएडा में भी यमुना तट पर भव्य महाआरती का आयोजन होगा। सात नवंबर को सेक्टर-94 स्थित यमुना तट पर पहली बार श्री यमुना सनातन ज्योति महासंगम का आयोजन किया जाएगा। इसमें 21 हजार दीपों से यमुना तट को रोशन किया जाएगा। काशी से आए 11 वैदिक आचार्य मां यमुना की महाआरती करेंगे। इसके साथ ही वैदिक महायज्ञ, सामूहिक दीपदान और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होंगी। वहीं अखिल भारतीय गुरुकुल व गौशाला अनुसंधान संस्थान की ओर से आयोजित कार्यक्रम सात तारीख को दोपहर तीन से शाम सात बजे तक चलेगा। इसके साथ ही संस्था के संस्थापक व राष्ट्रीय अध्यक्ष ज्योतिषरत्न डॉ. गौतम ऋषि ने बताया कि इसका उद्देश्य यमुना की स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक समरसता का संदेश देना है। साथ ही कार्यक्रम अध्यक्ष और यूफ्लेक्स ग्रुप के प्रेसिडेंट दिनेश जैन और संस्था के राष्ट्रीय महासचिव ठाकुर मान सिंह चौहान ने बताया कि आयोजन की तैयारियां की जा रही हैं। वहीं आयोजन समिति में कार्यक्रम संयोजक मनोज गुप्ता, कार्यक्रम सचिव एफसीए डॉ. मनोरंजन मोहंती, राष्ट्रीय सचिव अशोक कुमार श्रीवास्तव और कार्यक्रम उपाध्यक्ष प्रेरित मान सिंह व्यवस्थाएं संभाल रहे हैं।
आयोजन सेक्टर-94 में कालिंदी कुंज पुल के समीप यमुना तट पर होगा, जहां महासंगम में श्रद्धालुओं और युवाओं को यमुना की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक संकल्प भी दिलाया जाएगा।