-दादरी बाईपास से निकलने वाली बसों को रोकने के लिए लगाया चेकिंग स्टॉफ नदारद
-पहले की भांति बाईपास से निकल रहीं बसें, यात्री परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा।
दादरी बाईपास से निकलने वाली रोडवेज बसों को रोकने के लिए परिवहन विभाग की युक्ति कारगर साबित नहीं हुई है। उनकी निगरानी के लिए बैठाया गया चेकिंग स्टॉफ कई दिनों से नदारद है। ऐसे में बसें पूर्व की भांति सीधे बाईपास से निकल रही हैं। इससे यात्री परेशान हैं।
रोडवेज प्रशासन को दादरी तिराहा स्थित बस स्टैंड के बजाय रोडवेज बसों के बाईपास से निकलने की शिकायतें लंबे समय से मिल रहीं थीं। बाईपास से बसों के निकलने से रोकने के लिए एक माह पहले रोडवेज के सिकंद्राबाद डिपो के एआरएम ने तिराहे पर मौजूद बस अड्डा पर चैकिंग स्टॉफ बैठाया था। यहां गाजियाबाद की और से आने जाने वाली बसों की एंट्री की जाती थी। लोगों का आरोप है कि एक सप्ताह से बस अड्डा पर बनाई गई रोडवेज की चैक पोस्ट से चैकिंग स्टॉफ ही नदारद है। आए दिन उनके कार्यालय में ताला बंद रहता है। बस की एंट्री नहीं होने से फिर से चालक मनमानी करते बसों को बाइपास से निकल रहे है। यात्री बस के इंतजार में घंटों खड़े रहते है।
यात्री मुकेश ने बताया कि दादरी बस स्टैंड पर जब बसों की एंट्री शुरू की गई थी। आराम से बस मिल जाती थी। इन दिनों बस के इंतजार में घंटों खड़ा होना पड़ता है। एआरएम सिकंद्राबाद डिपो दिनेश सिंह ने बताया कि यात्री कम होने के कारण चैक पोस्ट पर तैनात कर्मचारी को फिलहाल हटा दिया है। जल्द ही दोबारा से चैक पोस्ट पर तैनाती की जाएगी।