एडीएम ने फीडबैक असंतुष्ट मिलने पर विभागों को लगाई फटकार
तत्काल सुधार करने के निर्देश और लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ने सोमवार को कलेक्ट्रेट के सभागार में आईजीआरएस पोर्टल की समीक्षा बैठक की। एडीएम ने फीडबैक असंतुष्ट और डिफॉल्टर श्रेणी में आने वाले विभागों को फटकार लगाई और तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए हैं।
साथ ही चेतावनी दी है कि अगर लापरवाही जारी रही तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं शिकायतों के निस्तारण में सदर तहसील को प्रदेश स्तर पर पहला नंबर मिला है। आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरती जा रही है। इस कारण प्रदेश स्तर पर जिला टॉप-10 रैंक पर नहीं आ पा रहा है। इस बार जिला 22वें स्थान पर रहा है। हालांकि पिछले माह 35वीं रैंक मिली थी लेकिन इस बार सुधार हुआ है। हालांकि कुछ विभाग अब भी लापरवाही बरत रहे हैं। इस बार पीडब्ल्यूडी, जिला प्रोबेशन अधिकारी और एआरएम रोडवेज की शिकायतों का फीडबैक 100 प्रतिशत असंतुष्ट मिला है। साथ ही अन्य विभागों की शिकायतों के निस्तारण का फीडबैक भी सहीं नहीं मिला है। इस पर एडीएम अतुल कुमार ने समीक्षा कर सभी को फटकार लगाई। प्रभारी अधिकारी को निर्देश देकर कहा कि जिन विभागों में असंतुष्ट फीडबैक मिला हैं, उनके संबंधित अधिकारियों के खिलाफ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण लिया जाएगा। साथ ही चेतावनी जारी की जाएगी।