सुरक्षाकर्मी से बंदूक लूटने वाले आरोपी को मुठभेड़ में लगी गोली
- वर्ष 2021 में 4 बदमाशों ने सेक्टर 153 के पास लूटी थी बंदूक
- 3 बदमाश भेजे जा चुके जेल, चौथा आरोपी 10 हजार का इनामी
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में रविवार रात पुलिस मुठभेड़ में 10 हजार के इनामी बदमाश बुलंदशहर के अहमदगढ़ निवासी केशव कुमार को गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने इसे गिरफ्तार कर लिया। केशव कुमार ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर सुरक्षाकर्मी से बंदूक लूट ली थी। इस केस में तीन आरोपियों को पुलिस पहले ही जेल भेज चुकी है।
एडिशनल डीसीपी अशोक कुमार ने बताया कि 2021 में सेक्टर-153 में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की पानी की टंकी पर तैनात सुरक्षाकर्मी से 4 बदमाशों ने बंदूक लूट ली थी। इस घटना के बाद से केशव कुमार फरार चल रहा था। केशव कुमार पर 10 हजार का इनाम घोषित किया गया था। रविवार रात नॉलेज पार्क थाना प्रभारी विपिन कुमार की टीम चेकिंग कर रही थी इसी दौरान आरोपी पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने लगा पुलिस ने क्यूब होटल के पास आरोपी को घेर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी पैर में गोली लगने से जमीन पर गिर गया और पुलिस ने उसे दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी को अस्पताल पहुंचाया और उसके कब्जे से बाइक और तमंचा बरामद किया है। मामले की जांच की जा रही है।