कन्नौज। शादी का झांसा देकर युवती को ले जाने और शारीरिक शोषण करने वाले न्यायालय से फरार आरोपी को पुलिस ने गुरुवार देर रात आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के फगुहा कट से गिरफ्तार कर लिया।
पीड़ित युवती के भाई ने मामले की रिपोर्ट पांच सितंबर को सदर कोतवाली में दर्ज कराई थी। ढाई माह की मशक्कत के बाद पुलिस ने 28 अक्तूबर की शाम आरोपी अवनीश शंखवार को गौरीशंकर रोड से गिरफ्तार किया था। इसके बाद 29 अक्तूबर को न्यायालय में पेश किया गया था। आरोपी की अभिरक्षा में लगे आरक्षी विवेक कुमार व होमगार्ड सतीश चंद्र उसे लेकर न्यायालय पहुंचे।
न्यायालय कक्ष में गहमागहमी और भीड़ का फायदा उठाकर आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। पुलिस ने न्यायालय समेत शहर में कई जगह लगे सीसीटीवी को खंगाला। देर रात सुराग मिलने पर उसे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के फगुहा कट से दोबारा गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में सिपाही व होमगार्ड के विरुद्ध भी कार्रवाई की जा रही है। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि विभागीय जांच कराई जा रही है। दोषी मिलने पर आरक्षी व होमगार्ड पर कार्रवाई की जाएगी।