नोएडा। कई वर्ष पहले 251 रुपये में एंड्रॉयड स्मार्टफोन बेचने के नाम सैकड़ों लोगों से ठगी में जेल जा चुके मोहित गोयल ने इस बार ड्राई फ्रूट खरीदने की कंपनी खोलकर 1000 लोगों से 200 करोड़ की धोखाधड़ी की। नोएडा पुलिस ने ठगी के आरोपी में दुबई ड्राई फ्रूट्स कंपनी के प्रमोटर मोहित गोयल और एमडी ओमप्रकाश जांगिड़ को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने नोएडा और गुरुग्राम में चार अलग-अलग नामों से फर्जी कंपनियां बनाकर विभिन्न फर्मों से ड्राई फ्रूट्स खरीदकर पैसे नहीं दिए थे। मामले में 12 आरोपी फरार हैं। आरोपियों के पास से ऑडी और इनोवा कार बरामद हुई है। नोएडा में कंपनी बनाकर ठगी मामले में 14 लोगों के खिलाफ कोतवाली सेक्टर-58 में मुकदमा दर्ज है।
अपर पुलिस आयुक्त लव कुमार ने बताया कि कोतवाली सेक्टर-58 पुलिस ने रविवार शाम को सेक्टर-50 स्थित मेघदूतम अपार्टमेंट निवासी मोहित गोयल और जयपुर निवासी ओमप्रकाश जांगिड़ को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने सेक्टर-62 के कोरेंथम बिल्डिंग में दुबई ड्राई फ्रूट्स नामक एक फर्जी कंपनी खोली थी। ओमप्रकाश कंपनी का एमडी और मोहित प्रमोटर था। आरोपी देशभर की विभिन्न फर्मों से संपर्क कर ड्राई फ्रूट्स, दाल, तेल, मसाले खरीदते थे। फर्म संचालकों का विश्वास जीतने के लिए उन्हें कुछ राशि एडवांस देते थे।
जांच में पता चला है कि आरोपियों ने नोएडा और गुरुग्राम में चार फर्जी कंपनियां बनाकर देशभर के करीब 1000 से अधिक लोगों से 200 करोड़ से अधिक की ठगी की है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक फर्जीवाड़ा करीब 500 करोड़ रुपये तक का हो सकता है। दुबई ड्राई फ्रूट्स एंड स्पाइस हब के 14 अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ नोएडा निवासी रोहित मोहन नामक कारोबारी ने मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप है कि इस कंपनी के लोगों ने फर्जी तरीके से कंपनी बनाया और दूसरे फर्म के लोगों से संपर्क कर ड्राई फ्रूट्स खरीदे। इसके बाद करोड़ों का ड्राईफ्रूट्स लेकर बगैर पेमेंट दिए फरार हो गए।
दोस्त के नौकर को बनाया दिया एक कंपनी का प्रोपराइटर
पुलिस के मुताबिक मोहित गोयल ने पर्दे के पीछे रहकर वर्ष 2017 से यह फर्जीवाड़ा शुरू किया था। हर नई कंपनी में प्रोपराइटर और एमडी के साथ ही ऑफिस का स्थान भी बदल देता था। अपर पुलिस आयुक्त लव कुमार ने बताया कि वर्ष 2017 में मोहित ने दोस्त मनोज कादियान के साथ गुरुग्राम में फैमिली ऑफ ड्राई फ्रूट्स के नामक कंपनी शुरू की। करोड़ों की ठगी करने के बाद कंपनी के खिलाफ बरेली में मामला दर्ज हुआ था। मामले में मनोज गिरफ्तार हुआ था। वर्ष 2018 में मोहित ने जयपुर निवासी प्रदीप निर्वाण के साथ मिलकर श्रीश्याम ट्रेडर्स के नाम से फर्जी कंपनी खोली। कंपनी के खिलाफ नोएडा व गुरुग्राम में 8 मामले दर्ज किए गए। वर्ष 2019 में आरोपियों ने नोएडा के सेक्टर-63 में आयुर्वेदिक कमोडिटीज के नामक कंपनी खोलकर करोड़ों की ठगी की। इस कंपनी में मोहित ने अपने दोस्त सुमित (इस मामले का आरोपी) के नौकर सोनेलाल को प्रोपराइटर बना दिया था। कंपनी के खिलाफ भी नोएडा में मामला दर्ज है। वर्ष 2010 जनवरी में मोहित ने सेक्टर-62 कोरेंथम बिल्डिंग में दुबई ड्राई फ्रूट्स कंपनी खोली। इस कंपनी का एमडी जयपुर निवासी ओमप्रकाश जांगिड़ को बनाया गया था। इस कंपनी के खिलाफ कोतवाली सेक्टर-58 में कई मामले दर्ज किए गए थे।
पर्दे के पीछे रहते थे मोहित और उसके पांच साथी
पुलिस जांच में पता चला है कि मोहित गोयल गिरोह का मास्टरमाइंड था। हालांकि चारों कंपनियों ने अपने पांच लोगों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी थी। उसने हर कंपनी में सुमित यादव, मुसर्फिल लश्कर उर्फ राजीव कुमार, विजय कुमार, नायरा सिंह और रूपेश को साथ रखा। सुमित इनका कैश, कानूनी और अन्य तरह का काम देखता था। विजय कुमार हरियाणा पुलिस में सब इंस्पेक्टर रह चुका है। मुसर्फिल लश्कर, नायरा, रूपेश आदि फर्म के लोगों से बातचीत करता था।
3 लाख था ऑफिस का किराया, 3 विदेशी रिसेप्शनिस्ट थीं
सेक्टर-62 के कोरेंथम बिल्डिंग में कंपनी के दफ्तर का किराया तीन लाख रुपये प्रति माह था। ऑफिस की साज सज्जा पर खासा ध्यान दिया गया था। यहां तीन विदेशी महिलाएं रिसेप्शनिस्ट रखी गई थीं। इस ऑफिस में कुल 56 लोगों का स्टाफ था। कुछ स्टाफ की सैलरी 5 से 8 लाख रुपये महीने तक की थी। पुलिस के मुताबिक विदेशी रिसेप्शनिस्ट को इसलिए रखा जाता था, जिससे जो लोग निवेश करने ऑफिस आएं उन्हें लगे कि यहां बहुराष्ट्रीय कंपनी की तर्ज पर काम होता है। जांच में पता चला कि नोएडा ऑफिस का हर महीने का खर्च 40 लाख से ज्यादा का था।
देश भर से आ रही हैं शिकायतें
इस मामले में देश भर के लोगों के साथ संगठित तरीके से ठगी की गई है। पुलिस के मुताबिक नोएडा, दिल्ली, गुरुग्राम, जयपुर, हैदराबाद, केरल, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, मध्यप्रदेश, शिमला, तेलंगाना तक से लोगों की शिकायतें अभी भी मिल रही हैं। सोमवार को अपर पुलिस आयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के बीच 12 से ज्यादा लोग शिकायत करने पहुंच गए थे।
सेक्टर- 58 पुलिस की गिरफ्त में ड्राई फ्रूट के नाम पर धोखधड़ी करने के आरोपी ओमप्रकाश जांगीड़ और मोहि