ग्रेटर नोएडा। सत्र न्यायालय ने स्काॅर्पियो से टक्कर मामले में आरोपी राहुल उर्फ कालू को जमानत दी है। मामला थाना रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र का है। कुलदीप ने केस दर्ज कराया था कि 27 मई को उसके छोटे भाई वेद प्रकाश उर्फ वीपी और साथी मनवीर को स्काॅर्पियो सवार आरोपियों ने जानबूझकर टक्कर मारी थी। घटना में वीपी को गंभीर चोटें आई थीं और वह बुलंदशहर के एक अस्पताल के आईसीयू में भर्ती है। स्काॅर्पियो आरोपी विकास चला रहा था, जबकि राहुल उर्फ कालू बगल की सीट पर तथा दो अज्ञात पीछे बैठे थे। पुलिस ने आरोपी राहुल सहित अन्य सह आरोपियों पर जानलेवा हमला, साजिश रचने के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपी पक्ष की ओर से अधिवक्ता ने दलील दी कि आरोपी को झूठा फंसाया गया है। एफआईआर दर्ज करने में दो दिन की देरी हुई। यह एक सामान्य सड़क दुर्घटना थी, जिसे जानलेवा हमले का रूप दे दिया गया। आरोपी का कोई आपराधिक इतिहास नहीं है। न्यायालय ने सभी पक्षों को सुनने के बाद पाया कि चिकित्सकीय रिपोर्ट में स्वयं घायल ने इसे एक्सीडेंट बताया है। अदालत ने गुण-दोष पर टिप्पणी किए बिना आरोपी की जमानत स्वीकार कर ली। ब्यूरो
जेपी ग्रीन्स भूखंड मामले में धोखाधड़ी के आरोपियों को कोर्ट से राहत
ग्रेटर नोएडा। सत्र न्यायाधीश की अदालत ने जेपी ग्रीन्स टाउनशिप परियोजना से जुड़े एक भूखंड के मामले में हुई धोखाधड़ी के आरोप में संजीव शेखर, मुकेश चोपड़ा, विकास चौधरी एवं केसी बत्रा को अग्रिम जमानत प्रदान की है। आरोपियों पर धोखाधड़ी, जालसाजी, गाली-गलौज, धमकी और जबरन निर्माण कार्य रुकवाने जैसे गंभीर आरोप हैं। सेक्टर-48 निवासी सत्येंद्र नारायण द्विवेदी ने बीट-2 कोतवाली में केस दर्ज कराया था कि उन्होंने वर्ष-2020 में ग्रेटर नोएडा में जेपी ग्रीन्स टाउनशिप में एक स्पोर्ट्स विला खरीदा था। उन्हें कंपनी द्वारा जो बिल्डिंग प्लान दिए गए थे, वह ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण की स्वीकृत योजनाओं से मेल नहीं खाते थे। जब उन्होंने निर्माण कार्य प्रारंभ किया तो आरोपियों ने जबरन कार्य रुकवाया, मजदूरों को बंधक बनाया, गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। इस धोखाधड़ी से उन्हें लगभग 46.82 लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ। पुलिस के केस दर्ज नहीं करने पर कोर्ट की मदद ली थी। वहीं अग्रिम जमानत के दौरान आरोपियों की ओर से तर्क दिया गया कि वह निर्दोष हैं और केवल जेपी ग्रीन्स कंपनी के कर्मचारी हैं। उन पर लगाए गए आरोप बेबुनियाद हैं। ब्यूरो