नोएडा (संवाद)। सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, गौतमबुद्ध नगर और राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नोएडा के संयुक्त सहयोग से शनिवार को महाविद्यालय परिसर में मेगा स्वास्थ्य जांच शिविर, थैलेसीमिया रोकथाम एवं कैरियर स्क्रीनिंग जागरूकता अभियान और सीपीआर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कृषि अनुसंधान परिषद, उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष राज्य मंत्री कैप्टन विकास गुप्ता रहे। महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. अनीता मिश्रा ने कहा कि स्वस्थ और जागरूक समाज के निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसमें प्रोफेसर सुनीता जेटली ने थैलेसीमिया के कारण, रोकथाम और कैरियर स्क्रीनिंग की जानकारी दी। विशेषज्ञ डॉ. रेनु शुक्ला ने सीपीआर का प्रशिक्षण और व्यावहारिक प्रदर्शन किया।