संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। ऐतिहासिक तीर्थराज श्री कपालमोचन मेला शनिवार को पारंपरिक तरीके से शुरू हो गया। मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं वहां तक पहुंचाने के लिए रोडवेज की तरफ से 90 बसें चलाई गई हैं। इन्हीं में से 25 से 30 बसें रणजीतपुर रोड पर अस्थाई बस स्टैंड बनाया गया है।
यह बसे कपालमोचन से आदिबद्री मेले तक चलेंगी। इनके अलावा पंचकूला, कुरुक्षेत्र व अंबाला से भी कपालमोचन तक बसें शुरू कर दी गई। यमुनानगर में रोडवेज के बेड़े में कुल 150 बसें हैं। इनमें से 90 बसें मेला के लिए चलाई जाएंगी। वहीं 15 से 20 बसें रेलवे स्टेशन यमुनानगर-जगाधरी से चलाई गई। क्योंकि पंजाब से हजारों श्रद्धालु चंडीगढ़, अंबाला होते हुए यमुनानगर रेलवे स्टेशन पर पहुंचते हैं।
कपालमोचन मेला से लेकर आदिबद्री व लौहगढ़ तक भी रोडवेज बसों को चलाया जाएगा। आदिबद्री में सरस्वती उद्गम स्थल है। इसके अलावा यहां पर श्री केदारनाथ मंदिर, मंदिर श्री आदिबद्री नारायण, 1800 फीट ऊंची चोटी पर माता मंत्रा देवी मंदिर हैं। कपालमोचन मेला में आने वाले श्रद्धालु यहां पर भी मंदिरों के दर्शन करने के लिए जाते हैं। इसके अलावा अब सिखों की राजधानी लौहगढ़ में भी गुरुद्वारा साहिब में दर्शन करने के लिए श्रद्धालु जाएंगी।
चार चेक पोस्ट भी बनी
मेला के दौरान बसों में बहुत ज्यादा भीड़ भी होती है। इसका फायदा उठाकर काफी लोग बिना टिकट यात्रा करते हैं। कोई भी व्यक्ति बिना टिकट यात्रा न कर सके इसलिए लिए रोडवेज की तरफ से चार चेक पोस्ट बनाई गई। दो चेक पाेस्ट जगाधरी-व्यासपुर स्टेट हाईवे पर अरनौली व भेड़थल में बनाई गई। यमुनानगर से मेला में जाने वाली बसाें की चेकिंग भेड़थल में और मेला से यमुनानगर आने वाली बसों की चेकिंग अरनौली में की गई। इसी तरह कपालमोचन-रणजीतपुर मार्ग पर मुगलवाली और रामपुर में दो चेक पोस्ट बनाई गई।
मेले के लिए हमारी बसें तैयार हैं, सर्विस को शुरू कर दिया गया है। रणजीतपुर रोड पर अस्थाई तौर पर बस स्टैंड भी बना दिया गया है जहां से लोकल कपालमोचन व आदिबद्री मेले के लिए बसें चल रही हैं। -संजय रावल, महाप्रबंधक, रोडवेज यमुनानगर।