नोएडा के सेक्टर-66 स्थित एक पीजी में तीन युवकों ने किशोर को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा। आरोपियों ने मारपीट का वीडियो भी बनाया और जान से मारने की धमकी दी।
नोएडा सेक्टर-66 ममूरा स्थित एक पीजी में तीन युवकों ने एक किशोर को कमरे में बंधक बना लिया। इसके बाद डंडे से उसकी बेरहमी से पिटाई की और घटना के वीडियो भी बनाए। डंडे के वार से किशोर लहूलुहान हो गया, लेकिन आरोपी नहीं रुके। आरोप है कि उन्होंने किशोर के कपड़े उतरवाए और फिर मारपीट करते हुए वीडियो बनाया।
विज्ञापन
आखिर में पिटाई से किशोर बेहोश हो गया। इसके बाद आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। पीड़ित का इलाज चल रहा है। पीड़ित के दोस्त की शिकायत पर पुलिस ने फेज-तीन थाने में प्राथमिकी दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।