तकनीक ने दिया धोखा, आईक्यू इंडिया लीग ई गेम्स निरस्त
- मैच न होने से दर्शकों में मायूसी, सोशल मीडिया पर भी जताई नाराजगी
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-21ए इंडोर स्टेडियम में आयोजित होने वाली आईक्यू इंडिया लीग मैच तकनीकी खामियों की भेंट चढ़ गया। मैच न होने से दर्शकों को पहले दिन मायूस होकर लौटना पड़ा। इसके बाद भी आयोजक तकनीकी खामियों को दूर नहीं कर सके, जिसके कारण यहां ई गेम्स लीग का आयोजन ही नहीं हो सका। सैकड़ों दर्शकों ने आयोजकों के खिलाफ नाराजगी जताई है। ई स्पोर्ट्स के चहेते कुछ दर्शक सोशल मीडिया के विविध प्लेटफार्म पर भी नाराजगी जताई है।
नोएडा इंडोर स्टेडियम में ई गेम्स की दूसरी बड़ी लीग आईक्यू इंडिया का आयोजन 22 से 24 फरवरी के बीच होना था। यहां भव्य मंच बनाने के साथ यूट्यूब पर सीधे प्रसारण की व्यवस्था की गई। लेकिन तकनीकी खामियों की वजह से पहले दिन का मैच नहीं हो सका। इस वजह से बड़ी संख्या में मैच देखने आने वाले दर्शकाें को स्टेडियम से मायूस होकर लौटना पड़ा। दूसरे दिन, शुक्रवार को मैच दोपहर तीन बजे से शुरू करने का समय तय किया गया था, लेकिन देर शाम तक भी आयोजक तकनीकी खामियों को दूर करने में सफल नहीं हुए। ई स्पोर्ट्स को कवर करने वाले कुछ यूट्यूबर सोशल मीडिया के विविध प्लेटफार्म पर मैच को लेकर असमंजस की स्थिति से दर्शकों को रूबरू कराते रहे। इसके बाद देर शाम लीग के आयोजन पर विराम लग गया। ऐसे में दर्शक अपने चहेते खिलाड़ियों को बड़ी स्क्रीन पर नहीं देख पाए। दर्शकों को जब लीग निरस्त करने की जानकारी मिली तो उन्होंने सोशल मीडिया पर नाराजगी जतानी शुरू कर दी। सेक्टर-25 से आए कुनाल बताते हैं कि इससे पहले 16 से 18 फरवरी के बीच इंडोर स्टेडियम में स्नेपड्रैगन प्रो सीरीज ई गेम्स का सफल आयोजन किया जा चुका है। जिसमें एनटीटी सोल व एनटीटी और ऑरंगुटेन टीम के बीच बड़ा उलटफेर देखने को मिला था। दर्शकों को इस लीग में भी इसी तरह के रोमांच की उम्मीद थी, लेकिन उम्मीदों पर पानी फिर गया। इसी तरह से सेक्टर-12 से मैच देखने पहुंचे पवन बताते हैं कि अपने चहेते खिलाड़ी को ऑन स्क्रीन खेलते देखने आया था, लेकिन मैच न होने से मायूसी मिली।