- बच्चों के शैक्षिक स्तर के अनुसार तैयार होगी अभ्यास सामग्री, दिसंबर तक मास्टर ट्रेनरों का प्रशिक्षण पूरा होने की उम्मीद
मो.सफीक खान
नोएडा। गौतमबुद्ध नगर के परिषदीय स्कूलों में अब एआई की मदद से बच्चों के शैक्षिक स्तर के अनुसार पढ़ाई कराने की तैयारी है। शिक्षक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से प्रश्नपत्र, पाठ योजना और वर्कशीट तैयार कर सकेंगे। इसके लिए समग्र शिक्षा, उत्तर प्रदेश ने डिजिटल कौशल मार्गदर्शिका तैयार की है। इसके तहत शिक्षकों को ब्लॉक स्तर पर प्रशिक्षण दिया जाएगा
जिले के 500 से अधिक परिषदीय स्कूलों में करीब 2500 शिक्षक तैनात हैं। प्रशिक्षण में उन्हें स्मार्ट क्लासरूम, आईसीटी लैब और डिजिटल लाइब्रेरी के प्रभावी इस्तेमाल की जानकारी भी दी जाएगी।
- प्रश्नपत्र से वर्कशीट तक तैयार करने में मिलेगी मदद
शिक्षक एआई की मदद से बहुविकल्पीय और लघु उत्तरीय प्रश्नों के साथ पाठ योजना और कार्यपत्रक बना सकेंगे। बच्चों की समझ के अनुसार सवालों का कठिनाई स्तर भी तय किया जा सकेगा। हालांकि, सामग्री इस्तेमाल करने से पहले उसकी तथ्यात्मक शुद्धता और पाठ्यक्रम के अनुरूप होने की जांच शिक्षकों को खुद करनी होगी।
- गलत जवाब से पहचानेंगे बच्चों की कमजोरियां
एलएमएस और दीक्षा के जरिए बच्चों का अभ्यास और मूल्यांकन किया जा सकेगा। इसके परिणाम निपुण प्लस एप पर दर्ज होंगे। यदि किसी सवाल का आधे से अधिक बच्चे गलत जवाब देते हैं तो संबंधित विषय को अगले कालांश में दोबारा पढ़ाने का सुझाव दिया गया है। इससे कमजोर बच्चों के लिए अतिरिक्त अभ्यास सामग्री तैयार की जा सकेगी।
- बच्चों की निजी जानकारी साझा करने पर रोक
शिक्षकों को बच्चों के नाम, फोटो, यू-डायस कोड और अन्य गोपनीय जानकारी एआई प्लेटफॉर्म पर साझा नहीं करने की हिदायत दी गई है। एआई से तैयार सामग्री की जांच के बाद ही उसे पढ़ाई में शामिल करना होगा।
- जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान की प्राचार्य अर्चना गुप्ता ने बताया कि राज्य स्तर पर मास्टर ट्रेनरों का प्रशिक्षण चल रहा है। दिसंबर तक इसके पूरा होने की संभावना है। इसके बाद जिले में शिक्षकों का प्रशिक्षण शुरू कराया जाएगा।