नई दिल्ली। राजकीय विद्यालय शिक्षक संघ ने शिक्षकों को बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) की ड्यूटी से छूट देने की मांग करते हुए दिल्ली सरकार के शिक्षा मंत्री आशीष सूद को पत्र लिखा है। संघ के महासचिव अजय वीर यादव ने बताया कि ग्रीष्मकालीन अवकाश के ठीक दो दिन बाद स्कूल दोबारा खुल रहे हैं। यह समय छात्रों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। शिक्षक आगामी वार्षिक परीक्षाओं की दृष्टि से गहन शिक्षण कार्य में संलग्न होते हैं।
ऐसे समय में यदि बड़ी संख्या में सहायक शिक्षक, प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक और स्नातकोत्तर शिक्षक बीएलओ ड्यूटी में लगा दिए जाएंगे तो छात्रों की पढ़ाई पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा, जिसकी भरपाई असंभव है। हमारी मांग है कि शिक्षा मंत्री छात्र हितों को सर्वोपरि मानते हुए दिल्ली निर्वाचन आयोग को निर्देशित करें कि शिक्षक समुदाय को बीएलओ ड्यूटी से स्थायी रूप से मुक्त किया जाए।