संवाद न्यूज एजेंसी
पिनगवां। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शाहचौखा में अध्यापकों की कमी को लेकर ग्रामीणों ने शिक्षा मंत्री को पत्र लिखकर अतिरिक्त अध्यापकों की नियुक्ति की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि शिक्षकों की कमी के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। ग्रामीण शमीम अहमद ने पत्र में बताया कि विद्यालय में गांव और आसपास के क्षेत्रों के करीब 644 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। कक्षा पहली से पांचवीं तक 344 विद्यार्थियों के लिए केवल चार अध्यापक उपलब्ध हैं। वहीं कक्षा छठी से बारहवीं तक करीब 300 विद्यार्थी पढ़ रहे हैं। शिक्षकों की कमी के चलते एक अध्यापक को एक साथ दो-दो कक्षाओं को पढ़ाना पड़ रहा है।
पत्र में बताया गया है कि कक्षा नौवीं से बारहवीं तक आठ अध्यापक पद रिक्त हैं। वहीं प्राथमिक विंग में भी चार से पांच अतिरिक्त अध्यापकों की आवश्यकता है। इस प्रकार विद्यालय में करीब 13 अध्यापकों की कमी बनी हुई है। शमीम अहमद व ग्रामीणों ने शिक्षा मंत्री से मांग की है कि विद्यार्थियों की संख्या को देखते हुए प्राथमिक विंग तथा कक्षा नौवीं से बारहवीं तक के लिए रिक्त पदों पर अध्यापकों की तत्काल नियुक्ति की जाए, ताकि बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो और उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।