नोएडा (संवाद)। सर्फाबाद स्थित प्राथमिक विद्यालय में सोमवार को न्याय पंचायत परथला खंजरपुर की नवंबर माह की शिक्षक संकुल बैठक आयोजित हुई। इसमें क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों के शिक्षक, शिक्षिकाओं, अनुदेशकों और शिक्षामित्रों ने हिस्सा लिया। बैठक में बच्चों की समझ विकसित करने के लिए बेहतर शिक्षण पद्धतियों और नवाचार पर जोर दिया गया। उच्च प्राथमिक विद्यालय गिझौड़ की शिक्षिका मधु को उत्कृष्ट शैक्षिक कार्य और नवाचार के लिए सम्मानित किया गया। खंड शिक्षा अधिकारी बिसरख यशपाल सिंह की अध्यक्षता में यह बैठक हुई। डायट प्रवक्ताओं ने भी इसमें मार्गदर्शन किया। शिक्षकों ने अपने टीएलएम और शिक्षक डायरी के माध्यम से शैक्षिक गतिविधियां साझा कीं। बच्चों में तार्किक क्षमता, समस्या समाधान और रचनात्मक सोच विकसित करने के लिए हाई ऑर्डर थिंकिंग स्किल्स (एचओटीएस), प्रोजेक्ट आधारित शिक्षण, पीयर लर्निंग और ग्रुप लर्निंग पर चर्चा हुई।