कार में बैठकर बातचीत के दौरान गोली मारी, रंजिश की आशंका
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। बाबा हरिदास नगर में सोमवार रात कार सवार बदमाश ने टैक्सी चालक की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने से पहले आरोपी टैक्सी में बैठा और कुछ देर बात करने के बाद सिर में गोली मारकर फरार हो गया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी से आरोपी की पहचान करने में जुटी है। फिलहाल, रंजिश में वारदात अंजाम देने की आशंका है। पुलिस के अनुसार, गालिबपुर निवासी धीरेंद्र उर्फ ढिल्लू (38) की सोमवार रात करीब 7:30 बजे हत्या की गई। जांच में पता चला कि धीरेंद्र घटना के समय कार लेकर गांव की तरफ जा रहा था। खैरा मोड़ के पास सिलेरियो कार ने उसे ओवरटेक कर रोका। आरोपी कार में बैठ गया। कुछ देर तक दोनों में बातचीत होती रही और इसके बाद आरोपी ने उसे गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कार लेकर फरार हो गया। धीरेंद्र पर आबकारी अधिनियम के तहत एक मामला दर्ज था। जिला पुलिस उपायुक्त एम हर्षवर्धन का कहना है कि पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है।