-नांगलोई इलाके की घटना, पांच युवक टैक्सी बुक करवाकर नांगलोई से गए थे मुरथल, सोनीपत
-वापस आने के बाद दिया वारदात को अंजाम, तीन हजार रुपये और अन्य दस्तावेज लूटकर भागे
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। नांगलोई इलाके में बदमाशों ने किराया मांगने पर एक टैक्सी चालक पर जानलेवा हमला कर उससे नकदी और अन्य दस्तावेज लूट लिए। बदमाश टैक्सी बुक कराकर मुरथल सोनीपत गए थे और वहां से वापस नांगलोई आए थे। वह चालक इरशाद के पेट और छाती पर चाकू से हमला कर भाग गए। घायल चालक को पुलिस ने संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने पीड़ित के बयान पर लूटपाट का मामला दर्ज कर लिया है।
32 साल का इरशाद सपरिवार पूजा कॉलोनी, लोनी, गाजियाबाद में रहता है। वह पेशे से टैक्सी चालक है और वह मोहम्मद जाहिद की वैगन आर कार को रैपिडो से बुकिंग पर चलाता है। उसने बताया कि एक जनवरी की देर रात 2.30 बजे उसे अमर कॉलोनी नांगलोई से मुरथल सोनीपत हरियाणा की बुकिंग मिली। बुकिंग स्थल पर पहुंचकर उन्होंने सवारी से संपर्क किया। ओयो होटल से पांच युवक आए। दो बाइक पर सवार हो गए, जबकि तीन उसकी कार में बैठ गए। बाइक सवार टैक्सी के साथ साथ चलते हुए नांगलोई मेट्रो स्टेशन पर अपनी बाइक रोक दी और दोनों कार में सवार हो गए। सभी शराब के नशे में थे।
सभी को लेकर इरशाद मुरथल पहुंच गया, लेकिन वहां काफी जाम होने की वजह से युवकों ने उसे वापस होटल लेकर चलने के लिए कहा। इरशाद ने उनलोगों को वापसी का किराया 1200 रुपये बताया। आरोपियों ने गंतव्य पर पहुंचकर पैसे देने की बात कही। काफी देर इधर उधर घुमाने के बाद आरोपियों ने सुबह करीब पौने छह बजे चालक को भूतों वाली गली के पास कार रुकवाई। एक युवक कार से उतरने के बाद गली में भाग गया। किराया मांगने पर चारों आरोपी उससे हाथापाई करने लगे और एक ने उसके जेब से पर्स निकाल लिया। उसमें करीब तीन हजार रुपये और अन्य दस्तावेज थे। विरोध करने पर बदमाशों ने उसके पेट और छाती पर चाकू से हमला कर दिया। सभी बदमाश वारदात को अंजाम देकर गली में भाग गए।