कार के भीतर चल रही शराब पार्टी के दौरान कार में अचानक आग लग गई। सेक्टर-126 के ट्रक मार्केट में सोमवार देर रात कार आग की लपटों में घिर गई। कार के भीतर मौजूद युवक को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला और उसकी जलकर मौत हो गई। वहीं कार चालक बच गया। आग की चपेट में आने के कुछ देर बाद कार में लगे सीएनजी सिलेंडर में तेज धमाका हुआ। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने की प्रक्रिया शुरू की।
घटना थाना सेक्टर-126 क्षेत्र में ट्रक मार्केट के पास रायपुर तिराहे की है। पुलिस के मुताबिक, सोमवार रात करीब 11 बजे कैब चालक राजेंद्र अपनी कार में एक अज्ञात युवक के साथ बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान राजेंद्र किसी काम से कार से नीचे उतर गया। उसके कार से बाहर निकलने के कुछ ही देर बाद अचानक वाहन में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। कार के भीतर मौजूद युवक आग की लपटों के बीच फंस गया। उसने बाहर निकलने की कोशिश की या नहीं, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। आग इतनी तेजी से फैली कि युवक को बचने का मौका नहीं मिला।
युवक की नहीं हुई पहचान
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार से उठती आग की लपटें दूर से दिखाई दे रही थीं। कुछ ही देर में कार में तेज धमाका हुआ। शुरुआती जानकारी के अनुसार, कार सीएनजी से संचालित थी और आग के बाद सिलेंडर में विस्फोट हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की। युवक की पहचान नहीं होने के कारण पुलिस के सामने सबसे पहले उसकी शिनाख्त कराने की चुनौती है। पुलिस के अनुसार, कैब चालक राजेंद्र रायपुर में ही रहता है। शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि वह अक्सर शराब पीता था और आसपास के लोगों से पैसे मांगकर अपना खर्च चलाता था। बताया जा रहा है कि घटना से पहले वह शराब के ठेके के पास मौजूद था। वहां शराब पी रहे एक अज्ञात युवक को उसने अपनी कार में बैठा लिया था। इसके बाद दोनों कार में बैठकर शराब पीने लगे। राजेंद्र के मुताबिक, वह किसी काम से कार से नीचे उतरा था। इसी दौरान वाहन में आग लग गई। मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि प्राथमिक जांच में कार में बीड़ी पीने के दौरान आग लगने की बात लग रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी आग लगने के कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
सीसीटीवी फुटेज की हो रही जांच
नोएडा के एडीसीपी अभय कुमार मिश्र ने बताया कि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इससे यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मृतक युवक कौन था और घटना से पहले कार में क्या गतिविधियां हुई थीं। कैब चालक राजेंद्र से भी पूछताछ की जा रही है।
15 दिनों से नहीं चला रहा था गाड़ी
पुलिस की जांच में पता चला है कि कैब चालक राजेंद्र पिछले 15 से 20 दिनों से कार नहीं चला रहा था। वह रोज दोपहर से ही कार में बैठकर अलग अलग लोगों के साथ पैसे मिलाकर शराब पीता था। सोमवार को भी देसी ठेका के सामने अलग अलग अज्ञात लोगों के साथ शराब पी थी। इसके बाद रात में मृतक के साथ शराब पी। जिस वक्त आग लगने की घटना हुई। उस दौरान मृतक आगे बायीं सीट पर बैठा था।
जिस कार में लगी आग, पेंडिंग हैं 42 हजार के 19 चालान
जिस हुंडई कार में आग लगी है। असल में वह साढ़े तीन साल पुरानी कार है। पंजीकरण अगस्त 2023 में हुआ था। कार पर 42 हजार रुपये तक के कुल 19 चालान देय है। इनमें चौराहों की रेड लाइट को अनदेखा करने, ओवरस्पीडिंग करने और उल्टी दिशा में वाहन चलाने के चालान हुए हैं। सबसे ज्यादा चालान ओवरस्पीडिंग और उसके बाद उल्टी दिशा में वाहन चलाने के हैं। यह चालान ग्रेटर नोएडा और नोएडा में नोएडा ट्रैफिक पुलिस की ओर से काटे गए हैं।
पेट्रोल-डीजल से लेकर इलेक्ट्रिक कार तक खतरा
वाहनों में आग लगने के कारण अलग-अलग हो सकते हैं। पेट्रोल और डीजल कारों में ईंधन पाइप में लीकेज, इंजन का अत्यधिक गर्म होना और वायरिंग में शॉर्ट सर्किट खतरा बढ़ाते हैं। सीएनजी कारों में सिलेंडर और गैस पाइप की फिटिंग में गड़बड़ी जोखिम पैदा कर सकती है। वहीं, इलेक्ट्रिक कारों में बैटरी और इलेक्ट्रिकल सिस्टम की खराबी आग का कारण बन सकती है।
पिछले वर्ष सेक्टर-119 में गई थी जान
17 दिसंबर 2025 को सेक्टर-119 की सर्विस रोड पर कार में आग लगने से 46 वर्षीय कारोबारी राजकुमार सिंघल की जलकर मौत हो गई थी। वह आम्रपाली प्लेटिनम सोसायटी के निवासी थे। पुलिस को शुरुआती जांच में हादसे की आशंका थी। आग लगने का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो सका था। वहीं 27 जून 2024 को ग्रेटर नोएडा वेस्ट के पार्थला फ्लाईओवर पर चलती कार आग का गोला बन गई थी। चालक ने इंजन से धुआं निकलते ही गाड़ी रोक दी और दो यात्रियों के साथ बाहर निकल आया। 11 फरवरी 2026 को दलित प्रेरणा स्थल के पास चलती कार में आग लगी, लेकिन चालक सुरक्षित बाहर निकल आया। 20 मई 2026 को एफएनजी फ्लाईओवर के पास कार में आग लगने की घटना सामने आई। दमकल विभाग के मुताबिक, इंजन ओवरहीट होने की आशंका थी।