कालाढूंगी। पंचायत चुनावों के मद्देनजर बूथों का निरीक्षण कर लौट रही डायल 112 की टीम मंगलवार को दुर्घटना का शिकार हो गई। चकलवापुल के पास रामनगर से हल्द्वानी की ओर जा रही अनियंत्रित टाटा मैजिक ने डायल 112 (पुलिस वाहन) गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में वाहन सवार दरोगा जयपाल सिंह सहित चार पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। टाटा मैजिक में बैठे चार यात्री भी सकुशल रहे, जबकि मैजिक वाहन चालक जयवीर सिंह (61) निवासी कुंडेश्वरी, काशीपुर गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर के बाद उसका पैर फ्रैक्चर हो गया। पुलिसकर्मियों ने घायल को तत्काल कालाढूंगी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। दुर्घटना के कारण सड़क के दोनों ओर लंबा जाम लग गया। संवाद