कस्बा स्थित अनाज मंडी से पांच दिन में दो किसानों को फर्जी सूचना देकर एक लाख रुपये से ज्यादा ठगने वाले एक टप्पेबाज को पुलिस ने बृहस्पतिवार रात मंडी के निकट से दबोच लिया।
थाना पुलिस ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम दिनेश निवासी परिहावली बैलोन बुलंदशहर व हाल निवासी सारसौल चौराहा थाना बन्नादेवी बताया, जिसके पास से तमंचा, कारतूस समेत ठगी के 87,000 रुपये, घटना में प्रयुक्त मोबाइल बरामद हुआ। अभियुक्त का एक साथी फरार हो गया जिसका नाम महेश नगरिया महरावल थाना गभाना प्रकाश में आया है। चौकी प्रभारी ज्योति श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपियों ने 25 अक्तूबर को बरोठा के बंगाली लाल शर्मा बरौठा से 30,000 व 29 अक्तूबर को नगला दारापुर के जगमोहन से 82,500 रुपये की ठगी की थी। 29 सितंबर को अतरौली पेट्रोल पंप पर एक महिला से 7,500 रुपये, सोने के कुंडल लूटना स्वीकारा है। 28 सितंबर को धनीपुर मंडी से मोबाइल चोरी किया जिसे 3,000 में बेच दिया, जबकि उसी की सिम का ठगी में इस्तेमाल कर रहे थे। क्षेत्राधिकारी अतरौली राजीव कुमार द्विवेदी का कहना है कि फरार आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।